नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों को बड़ी राहत, अब पासपोर्ट बनवाने के लिए नहीं लगानी पड़ेगी गाजियाबाद की दौड़
यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में एक पासपोर्ट कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यीडा ने सेक्टर 9 में दो एक ...और पढ़ें

अब पासपोर्ट बनवाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा गाजियाबाद। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में पासपोर्ट कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए विदेश मंत्रालय ने यीडा से जमीन मांगी थी।
यीडा ने सेक्टर नौ में दो एकड़ जमीन देने पर सहमति जताते हुए मंत्रालय को पत्र भेज दिया है। कार्यालय शुरू होने के बाद गौतमबुद्ध नगर समेत आसपास के जिलों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए गाजियाबाद जाने से राहत मिल सकती है।
पासपोर्ट के लिए अभी गाजियाबाद जाना पड़ता है
गौतमबुद्ध नगर के लोगों को पासपोर्ट के लिए फिलहाल गाजियाबाद कार्यालय जाना होता है। नोएडा एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को देखते हुए यीडा क्षेत्र में अपने कार्यालय स्थापित करने को लेकर केंद्रीय विभाग भी रुचि दिखा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय की ओर से यीडा को पासपोर्ट कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र के लिए जमीन आवंटन को लेकर पत्र भेजा गया था।
सेक्टर-9 में मिलेगी 9310 वर्गमीटर जमीन
यीडा एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि शासन की ओर से सेंट्रल पासपोर्ट आर्गेनाइजेशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए जमीन आवंटन का प्रस्ताव मिला था। सेक्टर 9 में 9310 वर्गमीटर जमीन उपलब्ध कराने पर सहमति दी गई है। विदेश मंत्रालय को इस संबंध में पत्र भेजा गया है।
प्रक्रिया की जानकारी भी मंत्रालय को भेजी
पत्र के साथ जमीन की आवंटन दर और प्रक्रिया आदि की जानकारी भी दी गई है। मंत्रालय की ओर से प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने पर जमीन आवंटन की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा से दिल्ली जाने वाले ध्यान दें: आज रात से कई रूट रहेंगे डायवर्ट, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
यह भी पढ़ें- खत्म हुआ इंतजार! नोएडा को 16 अगस्त को मिलेगा पहला स्काईवॉक, ब्लू और एक्वा लाइन के बीच आसान होगा सफर