यीडा की कमाई ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 1371.75 करोड़ का मिला राजस्व
यमुना प्राधिकरण ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1371.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 114.33% अधिक है। औद्यो ...और पढ़ें

यमुना प्राधिकरण की कमाई में जबरदस्त उछाल, औद्योगिक निवेश को मिली नई रफ्तार।
HighLights
पहली तिमाही में राजस्व 114.33% बढ़कर 1371.75 करोड़ हुआ।
औद्योगिक योजनाओं से लक्ष्य का 47.5% राजस्व प्राप्त हुआ।
नए सेक्टरों और सड़कों के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की खजाना तेजी से भर रहा है। प्राधिकरण ने पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के सापेक्ष चालू वित्त वर्ष में 114.33 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्ति की है। औद्योगिक श्रेणी की भूखंड योजनाओं से प्राधिकरण को चालू वित्त वर्ष में इस श्रेणी के लक्ष्य के सापेक्ष 47.5 प्रतिशत राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है। जबकि अभी चालू वित्त वर्ष के 9 माह बचे हैं।
प्राधिकरण की बुधवार को हुई 91वीं बोर्ड बैठक में यीडा अधिकारियों ने राजस्व के ये आंकड़े चेयरमैन आलोक कुमार व अन्य अधिकारियों से साझा किए। यीडा का वित्तीय बजट लगातार बढ़ रहा है। प्राधिकरण ने चालू वित्त वर्ष के लिए करीब 11 हजार करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। इसके सापेक्ष राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य भी लगभग समान है।
प्राधिकरण की ओर से बुधवार को बोर्ड के सामने रखे गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में जून तक कुल राजस्व प्राप्ति 640.01 करोड़ थी। जो चालू वित्त वर्ष में 30 जून तक 1371.75 करोड़ पहुंच गई। राजस्व प्राप्ति के साथ ही प्राधिकरण का खर्च भी बढ़ा है।
यीडा ने पहली तिमाही में जमीन क्रय पर 1741.40 करोड़ खर्च किए
पिछले साल जून तक खर्च 944.80 करोड़ के सापेक्ष इस साल पहली तिमाही में 2101.96 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। इसमें सबसे अधिक खर्च जमीन क्रय पर किया है। यीडा ने पहली तिमाही में जमीन क्रय पर 1741.40 करोड़ खर्च किए हैं।
खबरें और भी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यीडा में औद्योगिक निवेश भी जमकर हो रहा है। औद्योगिक व मिक्स लैंड योजना से प्राधिकरण को 660.14 करोड़ का राजस्व मिला है, यह पूरे साल के लक्ष्य का 47.5 प्रतिशत है। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यीडा बोर्ड ने नए सेक्टर एवं सड़क के लिए जमीन क्रय को भी स्वीकृति दी है।
नए सेक्टरों के विकसित होने से औद्योगिक निवेश को मिलेगी गति
औद्योगिक सेक्टर 8ए, 8बी, 8 सी, रिक्रिएशनल ग्रीन ट्रांसपोर्ट, आरएंड आर के लिए सेक्टर 23 सी के अलावा सेक्टर 7 बी में 765 केवी सब स्टेशन से सेक्टर आठ डी तक मास्टर प्लान में प्रस्तावित सड़क के निर्माण के लिए जमीन क्रय को बोर्ड ने अपनी स्वीकृति दे दी है। नए सेक्टरों के विकसित होने से औद्योगिक निवेश को और गति मिलेगी।
बैठक में सीईओ नोएडा कृष्णा करुणेश, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुनील कुमार के अलावा यीडा एसीईओ मनीष मीणा, शैलेंद्र भाटिया, राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के 253 किसानों के लिए बड़ी राहत, जल्द मिलेगा उनके प्लॉट पर मालिकाना हक