जेवर एयरपोर्ट के लिए दौड़ रहीं 100 ई-बसें अभी बेघर, अब यीडा सेक्टर 23ए में बनेगा डिपो, 5 एकड़ जमीन खरीद शुरू
यमुना प्राधिकरण ने शहरी परिवहन सेवा के लिए सेक्टर 23ए में पांच एकड़ में बस डिपो बनाने का काम शुरू कर दिया है। यह डिपो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए ...और पढ़ें

बसों के लिए यीडा सेक्टर 23 ए में डिपो बनाया जाएगा।
HighLights
यमुना प्राधिकरण सेक्टर 23ए में 5 एकड़ में बस डिपो बनाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए चल रही 100 ई-बसों को मिलेगा स्थायी ठिकाना।
डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने शहरी परिवहन सेवा के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर काम शुरू कर दिया है। बसों के लिए यीडा सेक्टर 23 ए में डिपो बनाया जाएगा। प्राधिकरण ने इसके लिए पांच एकड़ जमीन किसानों से क्रय करने का काम शुरू कर दिया है। डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 12 जून से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। पहले चरण में सौ बसों का संचालन शुरू हो चुका है। यीडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 25-25 बस और नोएडा में पचास ई बसें संचालित हो रही हैं।
कुल 500 बसें संचालित करने की योजना है, लेकिन यीडा क्षेत्र में संचालित होने वाली बसों के लिए अभी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं है। बसोंं को नोएडा डिपो में खड़ा किया जा रहा है। चार्जिंग के लिए भी नोएडा डिपो के अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में अस्थाई व्यवस्था की गई है।
बसों की संख्या बढ़ने के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी बड़ी चुनौती बन सकती है। इसलिए यीडा ने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। सेक्टर 23 ए में डिपो के लिए जमीन क्रय की जा रही है।
खबरें और भी
पांच एकड़ जमीन में इसे विकसित किया जाएगा। इसके विकसित होने के बाद बसोंं को खड़ा करने के लिए नोएडा या ग्रेटर नोएडा नहीं जाना होगा। बसों की फ्रीक्वेंसी के साथ फेरे बढ़ाना भी संभव हो जाएगा। डिपो में बसोंं की चार्जिंग के लिए प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
अभी एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली बसों को वहां बनाए गए चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज करने की अस्थाई सुविधा है, लेकिन एयरपोर्ट पर ई वाहनों की संख्या बढ़ने के बाद प्राधिकरण की ई बसों की चार्जिंग के लिए मुश्किल हो सकती हैं। इसलिए डिपो में ही चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राजेश कुमार का कहना है कि बस डिपो के लिए जमीन क्रय कर काम शुरू हो चुका है। इसके निर्माण के लिए एजेंसी चयन की जाएगी। एजेंसी डिपो संचालन, रखरखाव आदि पर प्राधिकरण को सुझाव देगी। इसके आधार पर डिपो का संचालन तय किया जाएगा।
अन्य राज्य परिवहन निगमों की बसों को भी मिलेगा फायदा
नोएडा एयरपोर्ट आने जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगमों की बसों के संचालन का भी अनुबंध हुआ है । इन बसों के लिए भी डिपो की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। एयरपोर्ट के अलावा यीडा शहर में रहने वालों को भी बस सुविधा का फायदा मिल सकेगा।