Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुरक्षा मानकों की उड़ी धज्जियां? पीलीभीत में मिट्टी के ढेर ने ली श्रमिक की जान, चेन्नई की कंपनी पर लगे गंभीर आरोप

    Updated: Fri, 27 Feb 2026 09:37 PM (IST)

    पीलीभीत में नाला खोदाई के दौरान मिट्टी का ढेर दरकने से एक श्रमिक बबलू की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा चेन्नई की कार्यदायी संस्था आरवीप ...और पढ़ें

    गुमसुम बैठे मृतक बबलू के स्वजन। जागरण

    गुमसुम बैठे मृतक बबलू के स्वजन। जागरण

    HighLights

    1. औद्योगिक क्षेत्र में नाला खोदाई के दौरान हादसा, दो की हालत गंभीर

    2. बैकमैन कंपनी करा रही कार्य, श्रमिकों को नहीं दिए सुरक्षा उपकरण

    जागरण संवाददाता, पीलीभीत। नाला खोदाई में चेन्नई की कार्यदायी संस्था आरवीपी इंफ्रा की लापरवाही के कारण श्रमिक बबलू की जान चली गई। शुक्रवार को बिना सुरक्षा संसाधन श्रमिक काम कर रहे थे। उसी दौरान मिट्टी का ढेर दरकने से तीन श्रमिक गहरे गड्ढे में गिरे। उनके ऊपर बड़ी मात्रा में मिट्टी भी आ गिरी। हादसे में दो अन्य श्रमिक घायल हुए। वह जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

    भरा पचपेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी (यूपीसीडा) नाला निर्माण करा रही है। इसकी जिम्मेदारी बरेली की चेन्नई की कार्यदायी संस्था आरवीपी इंफ्रा को दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को मशीनों से नाला खोदाई से निकली मिट्टी को गड्ढे के पास ही एकत्र कर दिया था।

    जैसे-जैसे खोदाई करती मशीन आगे बढ़ती जाती, पीछे से श्रमिक गड्ढे में शेष मिट्टी को भी फावड़ों से हटाते जाते। शाम को कुछ श्रमिक निर्माणाधीन नाला किनारे मिट्टी के ढेर पर खड़े थे। उसी समय अचानक ढेर दरक गया, जिससे श्रमिक बबलू, राज और सोहेल गड्ढे में जा गिरे। उनके ऊपर से मिट्टी का ढेर भी गिरा, जिसमें तीनों दब गए थे।

    शोर होने पर तुरंत मिट्टी हटाकर तीनों को गड्ढे से बाहर निकाला गया। मुंह के बल गिरे बबलू के सिर में भी गहरी चोट लगी, उनकी मौके पर मौत हो गई। राज व सोहेल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सोहेल के स्वजन का आरोप था कि बैकमैन संस्था ने श्रमिकों के लिए सुरक्षा संसाधन नहीं दिए।

    खबरें और भी

    तीनों श्रमिक नाला खोदाई के लिए तैयार किए गए 12 फीट गहरे गड्ढे में गिरे थे। हादसे के बावजूद संस्था का कोई अधिकारी घायलों के हालचाल लेने नहीं आया। मृतक बबलु पुत्र गंगाराम और घायल राजू भरा पचपेड़ा गांव के रहने वाले हैं, जबकि सोहेल बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव कासिमपुर का रहने वाला है।

    दूसरी ओर, पुलिस का कहना था कि यदि तहरीर आई तो कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में बैकमैन संस्था का कोई पक्ष नहीं आया।

     

    औद्योगिक क्षेत्र भरा पचपेड़ा के लिए नाला निर्माण कराया जा रहा था। सीवर बिछाने के लिए मिट्टी को साइड में रखा था, जिसके धंसने से तीन श्रमिक मिट्टी में दब गए थे, जिसमें एक की मृत्यु हो गई। श्रमिक उपकरण पहने हुए थे।

    - प्रभात यादव, एक्सईएन, यूपीसीडा


    यह भी पढ़ें- 5,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया वनकर्मी: बरेली से आई टीम ने पीलीभीत में बिछाया था जाल, अब होगी बड़ी कार्रवाई