पीलीभीत: नेपाल जा रहा व्यक्ति बॉर्डर पर विस्फोटक के साथ गिरफ्तार, ATS जांच में जुटी
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पीलीभीत सीमा पर नेपाल जा रहे एक नेपाली नागरिक को लगभग 250 ग्राम औद्योगिक विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को माधोटा ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित
HighLights
एटीएस व अन्य एजेंसियों को दी गई सूचना, पुलिस ने भी शुरू कर दी जांच
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। सीमावर्ती क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाल जा रहे एक नेपाली नागरिक को विस्फोटक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। युवक के पास से लगभग 250 ग्राम इंडस्ट्रियल विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ के बाद उसे माधोटांडा पुलिस के हवाले कर दिया गया। देर रात तक पुलिस उससे पूछताछ करती रही और प्राथमिकी पंजीकृत करने की तैयारी चलती रही।
पुलिस ने मामले की सूचना एटीएस व अन्य एजेंसियों को दे दी है। नेपाल के गांव परसिया थाना बिलौरी निवासी कंधई राना उत्तराखंड के श्रीनगर के पास स्थित धारी देवी क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण कार्य में मजदूरी करता है। वह करीब डेढ़ माह से वहीं रहकर काम कर रहा था।
बुधवार को वह उत्तराखंड से सीधे माधोटांडा सीमावर्ती क्षेत्र पहुंचा और शारदा नदी के कल्लू घाट से नेपाल सीमा पार करने का प्रयास कर रहा था। सीमा पर गश्त कर रहे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने उसे रोक लिया। जवानों ने संदेह होने पर उससे पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो छड़ों के रूप में लगभग 250 ग्राम विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एसएसबी जवानों ने तुरंत विस्फोटक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपित को हिरासत में ले लिया और बाद में माधोटांडा थाना पुलिस के सिपुर्द कर दिया।
खबरें और भी
पुलिस आरोपित से विस्फोटक लाने के कारणों और उसके उपयोग के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। देर रात तक थाने में पूछताछ जारी रही। थाना प्रभारी अशोक पाल के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। बरामद विस्फोटक के संबंध में कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
इंडस्ट्रियल विस्फोटक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति को एसएसबी ने पकड़ा। आरोपित के पकड़े जाने की सूचना एटीएस व अन्य एजेंसियों को दे दी गई। साथ ही मामले की जांच हर एंगल से जांच कराई जा रही है।
- सुकीर्ति माधव, एसपी
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बाघों की 'दहशत' से तेंदुए छोड़ रहे जंगल, अब योगी सरकार यहां बना रही देश की खास लेपर्ड सफारी