प्रतापगढ़: खरगोश को मार डालने पर बच्चे को शिक्षिका ने डांटा, अभिभावक ने क्लास में घुसकर कर दी पिटाई
प्रतापगढ़ के एक निजी स्कूल में खरगोश मारने पर बच्चे को डांटने वाली शिक्षिका पलक को उसके माता-पिता ने क्लास ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में स्कूल के क्लास रूम में शिक्षिका की पिटाई का का नजारा। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
पीड़ित निजी स्कूल शिक्षिका के पिता ने आरोपित दंपती पर केस दर्ज कराया
बच्चे को फटकारने से नाराज माता-पिता स्कूल पहुंचे, शिक्षिका की पिटाई की
सहम गए थे बच्चे, घटना से संबंधित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्राइवेट स्कूल में चल रही क्लास में घुसकर शिक्षिका की पिटाई एक महिला द्वारा कर दी गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बच्चे डर गए। पुलिस ने घटना का केस दर्ज कर लिया है। देल्हूपुर थाना के नौबस्ता स्थित पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल का यह मामला गुरुवार का है, जिसका वीडियो शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
बेंच से जमीन पर गिराकर की पिटाई
उक्त स्कूल में पढ़ने वाले एक बच्चे ने कुछ दिन पहले एक खरगोश को मार डाला था। इस बात की जानकारी मिलने पर शिक्षिका पलक ने उसे डांटा था। बच्चे ने यह बात अपने अभिभावक को बताई तो वह टीचर पर खफा हो गए। सुबह साढ़े दस बजे बच्चे की मां सौम्या व पिता अभिषेक सीधे स्कूल पहुंचे। क्लास में पढ़ा रही टीचर पलक पर हमला बोल दिया। उनको बच्चों के सामने पीटा। बेंच से जमीन पर गिराकर मारा। इससे बच्चे सहम गए।
गांव के दंपती के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज
इस प्रकरण में बबुरहा गांव के ही निवासी पीड़ित शिक्षिका के पिता संजय कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने बबुरहा गांव की सौम्या मिश्रा व उसके पति अभिषेक पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। देल्हूपुर एसओ राधे श्याम का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए प्रकरण की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।
