जनगणना 2027 : प्रयागराज के सैन्य व प्रतिबंधित क्षेत्रों में दूसरे चरण में होगी जनगणना, केंद्रीय व जिला जेलों में भी बाद में
प्रयागराज में 2027 की जनगणना की तैयारी शुरू हो गई है। सैन्य क्षेत्र समेत केंद्रीय व जिला कारागारों और प्रतिबंधित क्षेत्रों में दूसरे चरण में गणना होगी ...और पढ़ें

जनगणना 2027 को लेकर प्रयागराज में विस्तृत प्रारूप बनाया जा रहा है।
HighLights
घर-द्वार संग तालाब-पोखरे, बाग-बगीचे की भी होगी गिनती, अनाज का प्रयोग भी लिखा जाएगा
आने-जाने के मार्ग के साथ ही नाली-सीवर, जल निगम की टंकी, हैंडपंप का भी दर्ज होगा ब्यौरा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सैन्य क्षेत्र समेत केंद्रीय व जिला कारागारों समेत अन्य प्रतिबंधित इलाकों में दूसरे चरण के दौरान जनगणना होगी। वहीं शैक्षिक संस्थानों स्कूल-काॅलेज, विश्वविद्यालय, अस्पताल समेत अन्य सरकारी कालोनियों में रहने वाले लोगों की जनगणना के लिए उनके कर्मचारियों को ही लगाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए ब्लाकों का गठन होगा। वहीं, पहले चरण की गणना में दूसरे चरण की जनगणना का फ्रेेम भी तैयार किया जाएगा।
पहली बार डिजिटल रूप में होगी जनगणना
पहली बार डिजिटल रूप में होने जा रही जनगणना के दौरान आबादी, घरों की गणना, वाहन, भोजन, रसोंई, शौचालय आदि का ब्यौरा तो लिया ही जाएगा, साथ ही तालाब-पोखरे, बाग-बगीचे, मुख्य सड़क, चकमार्ग, जल निगम की टंकी, हैंडपंप, नाली व सीवर का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। घर में कौन सी गाड़ियां हैं, कौन सा अनाज खाते हैं और इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं या नहीं, यह भी पूछा जाएगा।
जीवनशैली और सुविधाओं का भी पूरा ब्योरा दर्ज होगा
सरकार न केवल परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया की जानकारी ले रही है, बल्कि लोगों की जीवनशैली और सुविधाओं का भी पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसमें घर की छत और दीवार किस सामग्री से बनी है, पीने के पानी और शौचालय की क्या व्यवस्था है, से लेकर मौजूद गैजेट्स (लैपटाप, स्मार्टफोन) की भी जानकारी ली जाएगी।
घर-घर जाकर प्रगणक पूछेंगे 33 सवाल
केंद्र सरकार ने 33 सवालों की पूरी सूची जारी कर दी है, जो प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर पूछे जाएंगे। जेलों में बंद कैदियों की गणना वहां के कर्मचारी ही करेंगे, जो प्रशासन को रिपोर्ट देंगे। इसी तरह रेलवे, आयकर, दूरसंचार, एयरपोर्ट, जीएसटी, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग की कालोनियों में वहां के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
खबरें और भी
शीघ्र ही उपलब्ध कराएं कर्मचारियों की सूची
जनगणना की तैयारियों की बुधवार को मुख्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण से लेकर गणना ब्लाकों के गठन के निर्देश दिए। डीआइओएस व बीएसए को निर्देशित किया कि वे जनगणना कार्यक्रम में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की शीघ्र ही सूची उपलब्ध करा दें। डीएम मनीष कुमार वर्मा व एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह भी जुड़ी रहीं।