Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय का 2026-27 शैक्षणिक कैलेंडर: यूजी-पीजी कक्षाओं और परीक्षाओं की पूरी जानकारी देखें यहां

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 03 Jul 2026 12:32 PM (IST)

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए अपना शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें यूजी और पीजी कक्षाओं, सेमेस्टर परीक्षाओं और अवकाशों की विस ...और पढ़ें

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. 13 जुलाई से शुरू होंगी यूजी और पीजी के सेमेस्टर की कक्षाएं

    2. इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नवंबर से सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू होंगी

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए फैकल्टी अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर के अनुसार यूजी एवं पीजी के तृतीय, पंचम, सप्तम और नवम सेमेस्टर की कक्षाएं 13 जुलाई से शुरू होंगी। वहीं पीजी प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई 24 जुलाई से प्रारंभ होगी, जबकि यूजी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं का शुभारंभ 14 अगस्त से किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने नए छात्रों के प्रवेश कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था बनाई है।

    25 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश 

    विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 नवंबर से प्रारंभ होंगी। पहले चरण में यूजी तृतीय, पंचम, सप्तम एवं नवम सेमेस्टर की एंड सेमेस्टर थ्योरी परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही प्रथम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं, सीआईए, वाइवा-वोसे और प्रस्तुतिकरण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराए जाएंगे। विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 22 दिसंबर तक चलेंगी, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 25 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा।

    सम सेमेस्टर की कक्षाएं 18 जनवरी से

    शीतकालीन अवकाश के बाद सम सेमेस्टर की कक्षाएं 18 जनवरी 2027 से प्रारंभ होंगी। अप्रैल और मई 2027 में विभिन्न सम सेमेस्टरों की एंड सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। मूल्यांकन कार्य 31 मई 2027 तक पूरा किया जाएगा और इसके बाद एक जून 2027 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित रहेगा।

    वार्षिक पाठ्यक्रमों का भी जारी हुआ कार्यक्रम

    वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों के लिए भी अलग कार्यक्रम जारी किया गया है। बीपीए सहित वार्षिक पाठ्यक्रमों की कक्षाएं 13 जुलाई से प्रारंभ होंगी। प्रायोगिक परीक्षाएं एक मार्च 2027 से तथा सैद्धांतिक परीक्षाएं एक अप्रैल 2027 से आयोजित की जाएंगी। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 20 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

    खबरें और भी

    आंतरिक मूल्यांकन को मिलेगा 30 प्रतिशत

    विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत संचालित यूजी, पीजी तथा प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में कंटीन्यूअस इंटरनल असेसमेंट कुल अंकों का लगभग 30 प्रतिशत होगा, जबकि शेष 70 प्रतिशत अंक एंड सेमेस्टर परीक्षा के आधार पर दिए जाएंगे।

    सम सेमेस्टर को 30 अप्रैल तक पूरा करना अनिवार्य

    विषम सेमेस्टर का आंतरिक मूल्यांकन 10 दिसंबर तक तथा सम सेमेस्टर का 30 अप्रैल 2027 तक पूरा करना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों और संस्थानों को समय पर आंतरिक मूल्यांकन, अंक अपलोड, प्रश्नपत्र तैयार करने, परीक्षक पैनल भेजने और शैक्षणिक गतिविधियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

    पाठ्यक्रम पूरा करने पर जोर 

    एंड सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान किसी प्रकार की नियमित कक्षा, क्विज, असाइनमेंट या अन्य शैक्षणिक गतिविधि निर्धारित नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर शनिवार को भी कक्षाएं एवं आंतरिक मूल्यांकन आयोजित किए जा सकेंगे, ताकि निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जा सके।

    यह भी पढ़ें- 'हलाला की आड़ में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म गंभीर अपराध', इलाहाबाद हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी

    यह भी पढ़ें- कौशांबी: LPG टैंकर ब्लास्ट का एक और VIDEO आया सामने, दो टोलकर्मियों की भी मौत; मृतकों की संख्या हुई पांच