इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 54 छात्र पीजीटी प्रवक्ता परीक्षा में सफल, प्रतियोगी परीक्षाओं में लहराया पंचम
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 54 छात्रों ने पीजीटी प्रवक्ता परीक्षा में सफलता हासिल की है, जबकि 2026 में घोषित विभिन्न परिणामों में 200 से अधिक का चयन हुआ ...और पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।
HighLights
वर्ष 2026 में घोषित परिणामों में 200 से अधिक विश्वविद्यालय के पुरा छात्रों का विभिन्न पदों पर चयन
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी गौरवशाली परंपरा को नए मुकाम पर पहुंचाया
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कभी देश की सर्वोच्च सेवाओं के लिए प्रतिभाएं तैयार करने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने एक बार फिर अपनी गौरवशाली परंपरा को नए मुकाम पर पहुंचा दिया है। वर्ष 2026 में घोषित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया है। अब तक 200 से अधिक छात्रों के विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन की सूचना मिल चुकी है।
विश्वविद्यालय के छात्रों की उपलब्धि
हाल ही में घोषित परिणामों में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की पीजीटी (प्रवक्ता) परीक्षा-2022 में विश्वविद्यालय के 48 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। वहीं दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (डीएसएसएसबी) पीजीटी परीक्षा-2024 में छह छात्रों का चयन हुआ है।
इन परीक्षाओं में भी छात्रों का चयन
इससे पहले कृषि प्राविधिक सहायक के पद पर 30 विद्यार्थियों तथा 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 11 छात्रों के चयन हुआ है। इसके अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा-2025, यूपीपीसीएस-2024, न्यायिक सेवा, स्वाइल एंड लैंड यूज सर्वे आफ इंडिया, हरियाणा लोक सेवा आयोग में सहायक आचार्य, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग तथा उत्तराखंड लोक सेवा आयोग सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
इस सफलता के पीछे क्या है कारण?
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह उपलब्धि पिछले कुछ वर्षों में शैक्षणिक वातावरण में आए सकारात्मक बदलावों का प्रत्यक्ष परिणाम है। बड़ी संख्या में नए शिक्षकों की नियुक्ति, नियमित कक्षाओं का संचालन, समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक शिक्षण पद्धति और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन विद्यार्थियों की सफलता की मजबूत नींव बन रहा है।
खबरें और भी
विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी सफलता से खुश
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि नवीनतम पाठ्यक्रमों के साथ व्यावहारिक ज्ञान और कौशल पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लगातार मिल रही इन सफलताओं ने न केवल वर्तमान विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है बल्कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय को एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रमुख राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना शुरू कर दिया है।