अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 15 फरवरी तक, कक्षा 6 और 9 में विद्यार्थियों का होगा एडमिशन
प्रयागराज के अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए 15 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित हैं। यह विद्यालय कोरांव के बेलहट गांव में स्थित है। मंड ...और पढ़ें

अटल आवासीय विद्यालय प्रयागराज में वर्ष 2026-27 में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश परीक्षा के लिए 15 फरवरी तक आवेदन होगा।
HighLights
कोरांव के बेलहट गांव में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में वर्ष 2026-27 में प्रवेश
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने तैयारियों की समीक्षा की, आठ मार्च को होगी प्रवेश परीक्षा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कोरांव के बेलहट गांव में बनाए गए अटल आवासीय विद्यालय में वर्ष 2026-27 में कक्षा छह व नौ में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा एवं शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने तैयारियों की समीक्षा की। उप श्रमायुक्त सुमित कुमार ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश परीक्षा आठ मार्च को होगी।
ये विद्यार्थी होंगे पात्र
उन्होंने बताया कि फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। बीईओ कार्यालय एवं श्रम विभाग कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आनलाइन भी आवेदन किए जा सकते हैं। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चे, जिनका महिला एवं बाल विकास में पंजीयन हो अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवायोजना के अंतर्गत आते हो, वही पात्र होंगे।
जिला व तहसील स्तर पर होंगे परीक्षा केंद्र
तहसील एवं जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र होंगे। मंडलायुक्त ने डीआइओएस को परीक्षा केंद्र के लिए विद्यालयों का चयन करने को कहा। विद्यालय की शिक्षा में और गुणवत्ता के लिए यदि किसी अन्य संसाधन की आवश्यकता हो तो प्रधानाचार्य प्रस्ताव तैयार कराने को कहा। गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय के लिए विषय विशेषज्ञ अध्यापकों की कक्षाएं आयोजित कराने को डीआइओएस को निर्देश दिए। बच्चों की माक परीक्षा ली जाए एवं पढ़ाई में कमजोर बच्चों को चिन्हित कर उनकी आवश्यकतानुसार विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएं।
निरंतर रूप से बच्चों की माक परीक्षा ली जाए
मंडलायुक्त ने कक्षा-6 एवं कक्षा 9 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराए जाने के लिए कहा है, जिससे कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सके। उन्होंने कहा कि निरंतर रूप से बच्चों की माक परीक्षा ली जाए एवं पढ़ाई में कमजोर बच्चों को चिन्हित कर उनकी आवश्यकतानुसार विशेष कक्षाएं आयोजित की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उपश्रमायुक्त सुमित कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।