महाकुंभ- 2025 में हुई भगदड़ में श्रद्धालु की हुई थी मौत, प्रयागराज नगर निगम ने अब तक जारी नहीं किया मृत्यु प्रमाण पत्र
संतकबीर नगर के मथुरा प्रसाद ने बताया कि उनके बहनोई नंद कुमार की मृत्यु महाकुंभ 2025 में भगदड़ के दौरान हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बावजूद, ...और पढ़ें

मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए प्रयागराज नगर निगम पहुंचे महाकुंभ 2025 की भगदड़ में मरने वाले के स्वजन मथुरा प्रसाद। जागरण
HighLights
गोरखपुर के श्रद्धालु की महाकुंभ मेले में हादसे में चली गई थी जान
मरने वाले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय से मिल चुकी है
नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र दिया, उन्होंने दिया आश्वासन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इसे नगर निगम की उदासीनता कह लें या फिर लापरवाही। वर्ष 2025 में महाकुंभ मेले में आए संतकबीर नगर के एक श्रद्धालु की हादसे में मौत हो गई थी। उसके परिवार के सदस्य को मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। यह हाल तब है जब मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है।
एक वर्ष बीतने के बाद भी नहीं मिला मृत्यु प्रमाप पत्र
पूरे एक वर्ष हो गए लेकिन मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने से मृतक के परिवार को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को नगर निगम पहुंचे मृतक के परिवार के सदस्य ने प्रार्थना पत्र नगर आयुक्त को दिया। उम्मीद जताई के मृत्यु प्रमाण पत्र शीघ्र मिलेगा।
संतकबीर नगर से आए स्वजन ने सुनाया दुखड़ा
संतकबीर नगर से आए मथुरा प्रसाद ने बताया कि उसके बहनोई गोरखपुर के माटबाजार, थानाक्षेत्र सहजनवा निवासी नंद कुमार की मृत्यु 28/ 29 जनवरी 2025 की की रात में हो गई थी। बताया कि नंद कुमार मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ में घायल हो गया था, उसे नागवासुकि के निकट एक अस्पताल में ले जाया गया था, वहीं पर डाॅक्टरों ने मृत घोषित किया था।
लगातार अधिकारियों का काट रहा चक्कर
शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। 29 जनवरी को पोस्टमार्टम हुआ था। बताया कि उसके बाद से लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा है लेकिन मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिल सका। नगर आयुक्त साईं तेजा ने फरियादी से प्रार्थना पत्र लेकर आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही कोई सकारात्मक कदम उठाएंगे।