यूपी बार काउंसिल चुनाव के दौरान प्रयागराज में अधिवक्ताओं के बीच मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराया मुकदमा
प्रयागराज में यूपी बार काउंसिल चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं के मध्य मारपीट हुई, जिसके परिणामस्वरूप दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। देवेंद्र मिश्रा न ...और पढ़ें

प्रयागराज यूपी बार काउंसिल चुनाव में मारपीट मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
HighLights
जान से मारने की धमकी देने, छिनैती का भी लगाया आरोप
सिविल लाइंस थाने पर हुआ हंगामा, पुलिस कर रही जांच
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना से नाराज दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। इसके बाद कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुछ नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच कर रही है।
रसूलाबाद शिवकुटी के अधिवक्ता ने लगाया आरोप
रसूलाबाद शिवकुटी निवासी अधिवक्ता आदित्य कश्यप का कहना है कि सोमवार को बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश का चुनाव चल रहा था। वह चुनाव लड़ रहे देवेंद्र मिश्र नगरहा का प्रचार कर रहा था और पंपलेट देकर पक्ष में वोट मांग रहा था। आरोप है कि इसी दौरान चुनाव लड़ रही श्रद्धा शुक्ला, उसका पति शक्ति सिंह, शक्ति का भाई अभय सिंह भी अपना पंपलेट बांट रहे थे और बार-बार नगरहा का विरोध करते हुए गाली-गलौज कर रहे थे।
जान से मारने का आरोप
इसी बीच धमकी दी गई कि देवेंद्र मिश्रा को चुनाव बाद मार डालेंगे या दुष्कर्म के मुकदमे में फंसा देंगे। गाली-गलौज और धमकी सुनते हुए आदित्य परेशान हो गया तो विरोध किया। इस पर जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली दी गई और फिर विपक्षी कई अज्ञात के साथ मिलकर पीटने लगे। गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और सोने का ब्रेसलूेट छीन लिया गया। शोर सुनकर गर्वित मिश्रा, नितीश तिवारी समेत कई लोग आ गए तो उनकी जान बची।
इन्होंने लगाया यह आरोप
वहीं, श्रद्धा शुक्ला का आरोप है कि सोमवार शाम करीब पांच बजे चुनाव के दौरान हर्षित मिश्रा, गार्विक सहित करीब 40 अज्ञात लोग नशे में आए और अभद्रता करते हुए सोने की चेन छीन ली। उन्हें और उनके ड्राइवर रवि मौर्या और अभय सिंह को बीच में घसीटकर ले गए फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। चोट लगने पर जान से मारने की धमकी दी।
खबरें और भी
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने कहा
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत करते हुए विवेचना की जा रही है।
आत्महत्या की कोशिश पर भी एफआइआर
मारपीट के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसी बीच श्रद्धा शुक्ला ने आत्महत्या का प्रयास किया। इस मामले में प्रशांत सिंह की ओर से शक्ति सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि शक्ति सिंह ने श्रद्धा शुक्ला को आत्महत्या के लिए उकसाया। फेसबुक के माध्यम से एक वीडियो भी प्रसारित किया गया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।