अतीक अहमद गैंग की लखनऊ, गाजियाबाद व नोएडा की प्रापर्टी जब्त होगी, अपराध से अर्जित संपत्तियां टटोली जा रहीं
प्रयागराज पुलिस 'ऑपरेशन माफिया' के तहत अतीक अहमद गैंग की अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी में है। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा और मुंबई में ...और पढ़ें

माफिया अतीक अहमद की फाइल फोटो।
HighLights
माफिया की बेनामी संपत्ति बेचकर गुर्गों ने खरीदी प्रापर्टी
गैग्सटर एक्ट केस में प्रयागराज पुलिस ने जुटाई जानकारी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आपरेशन माफिया के तहत एक बार फिर कमिश्नरेट पुलिस ने माफिया, उसके गुर्गे और करीबियों को आर्थिक चोट पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी है। अपराध से अर्जित चल और अचल संपत्तियों को गैंग्सटर एक्ट में कुर्क करने की तैयारी तेज की गई है। इसमें अतीक गैंग की लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा और मुंबई स्थित करोड़ों रुपये की प्रापर्टी शामिल है। उन संपत्तियों का संबंधित विकास प्राधिकरण, राजस्व विभाग, नगर निगम से सत्यापन करवाया जा रहा है।
पुलिस को अतीक से जुड़े कई की प्रापर्टी का पता चला है
पुलिस का कहना है कि गैंग्सटर एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान माफिया अतीक से जुड़े कई लोगों की प्रापर्टी के बारे में पता चला है। छानबीन में यह तथ्य भी प्रकाश में आए हैं कि कुछ गुर्गों ने माफिया की बेनामी संपत्ति को बेचने के बाद अपने और करीबियों के नाम से दूसरे शहरों में फ्लैट व मकान खरीदे हैं। ताकि वह कार्रवाई की जद में न आ सके। हालांकि मुकदमे की विवेचना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नई जानकारी सामने आ रही है।
पुलिस अभिलेखों की कर रही पड़ताल
शुरुआती जांच में लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और मुंबई के विभिन्न स्थानों पर अपराध से अर्जित प्रापर्टी हाल के वर्षों में क्रय किए जाने के बारे में पता चला है। अब पुलिस जिन व्यक्तियों के नाम पर प्रापर्टी खरीदी गई है उनके आय के स्रोत, इनकम टैक्स रिटर्न और दूसरे अभिलेखों की भी पड़ताल कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्ति की पुष्टि होने पर पत्रावली तैयार करके गैंग्सटर एक्ट में जब्त किया जाएगा।
लखनऊ-नोएडा की संपत्ति हो चुकी है कुर्क
दो साल पहले माफिया अतीक की लखनऊ और नोएडा स्थित संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई थी। एक अधिकारी का कहना है कि माफिया अतीक गैंग के अलावा दिलीप मिश्रा समेत दूसरे माफिया की प्रयागराज से बाहर की संपत्ति के बारे में पता लगाते हुए चिह्नित की जा रही है।