माफिया अतीक के छोटे बेटे के शरीर पर लगी थी 23 चोटें, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने किए कई खुलासे
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 23 चोटें मिलीं, जबकि दोस्त सोनू की मौत सिर में गंभीर चोट से हुई। झांसी जेल ...और पढ़ें

अबान के शरीर पर मिली 23 चोटें।
HighLights
अबान के शरीर पर पोस्टमार्टम में 23 चोटें मिलीं।
दोस्त सोनू की मौत सिर की गंभीर चोट से हुई।
भाई अली और उमर को जनाजे के लिए मिली पैरोल।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जाते समय कानपुर-झांसी मार्ग पर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 23 चोटें मिलीं। उसके दोस्त रफीक उर्फ सोनू की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होने की पुष्टि हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव प्रयागराज लाए गए। सोनू को जुमे की नमाज के बाद सिपुर्द-ए-खाक कर दिया, जबकि अबान का जनाजा बड़े भाई उमर और अली के आने के इंतजार में रोक दिया है। झांसी जेल में बंद अली व लखनऊ जेल में बंद उमर को जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अनुमति दे दी है।
बुआ परवीन कुरैशी की याचिका पर शुक्रवार को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद सामंत की खंडपीठ ने सुनवाई कर आठ अगस्त रात आठ बजे तक के लिए पैरोल मंजूर कर ली। अदालत ने कुछ शर्तें भी लगाई हैं। इनमें एक यह भी है कि दोनों भाई मीडिया से बात नहीं करेंगे।
गुरुवार सुबह अबान अपने चचेरे भाई मोहम्मद उमर तथा दोस्तों सोनू, आजम और मोहम्मद जैद के साथ झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। कानपुर-झांसी राजमार्ग पर पूंछ क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और सोनू की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए।
खबरें और भी
शुक्रवार सुबह शव हटवा गांव लाए गए। बड़ी संख्या में लोग गांव और चकिया पहुंचने लगे। जेल में बंद अली और उमर के आने के बाद अबान को शनिवार को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हटवा गांव, चकिया और कसारी-मसारी कब्रिस्तान में भारी पुलिस बल तैनात रहा। खुफिया एजेंसियों ने भी दिनभर स्थिति पर नजर रखी। उमेश पाल हत्याकांड में फरार इनामी शाइस्ता परवीन, आयशा नूरी और जैनब के संभावित आने की आशंका को देखते हुए भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं और लगातार सूचनाएं जुटाती रहीं।