Budget 2026 : आम बजट से संगम नगरी की आधारभूत संरचना और विकास को मजबूत गति मिलेगी, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
Budget 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2026 से प्रयागराज के बुनियादी ढांचे और विकास को गति मिलेगी। जानकारों का मानना है कि इसस ...और पढ़ें

Budget 2026 विशेषज्ञों की मानें तो आम बजट से प्रयागराज के विकास को मजबूत गति मिलेगी।
HighLights
प्रयागराज के विशेषज्ञों ने बजट को आम जन के लिए बेहतर बताया
चार्टर्ड अकाउंटेंटों ने बजट के एक-एक बिंदु को ध्यान से सुना व समझा
गरीबों, युवाओं, अन्नदाता और नारी शक्ति को लाभ मिलने की कही गई बात
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Budget 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को बजट 2026 पेश किया गया। इसके लिए सिविल लाइंस स्थित इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आफ इंडिया ब्रांच में लाइव स्क्रीनिंग का आयोजन किया। इसमें प्रयागराज चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्था के कई सीए सदस्यों के साथ सीए स्टूडेंट शामिल रहे। इसमें एक-एक बिंदु को ध्यान से सुना और समझा गया। सभी ने इस बजट को आम आदमी के लिए बेहतर बताया। कहा गया कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति समेत सभी का ध्यान रखा गया है।
पूंजीगत व्यय में नौ प्रतिशत बढ़ोत्तरी लाभान्वित करेगी
Budget 2026 कहा गया कि पूंजीगत व्यय में नौ प्रतिशत बढ़ोत्तरी प्रयागराज, टीयर दो या तीन शहरों को लाभांवित करेगी। साथ ही अब बीमा कंपनियों द्वारा दावाकर्ता को मिलने वाला ब्याज आयकर और टीडीएस से मुक्त होगा, जिससे एक बड़ी राहत मिलेगी। विदेश में खरीदी गई अचल संपत्ति की सूचना अनुपालन खिड़की पर छह माह के भीतर आनलाइन देने पर आयकर अभियोजन से छूट मिल सकेगी।
इनके सस्ते होने से लोगों का बड़ा लाभ मिलेगा
Budget 2026 छोटे कारोबारियों के लिए नियमित विवरणी 31 अगस्त तक भरने के लिए एक माह अतिरिक्त समय दिया गया है, जो बड़ी राहत का काम करेगा। साथ ही एक और सहूलियत विलंबित रिटर्न भरने के लिए तीन माह का अतिरिक्त समय देते हुए 31 मार्च तक कर दिया गया है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि जुर्माने स्वरूप लगने वाला 25 प्रतिशत आयकर नहीं लगेगा। डायबिटीज, कैंसर, जीवन रक्षक दवाएं, खेल उपकरण, इलेक्ट्रानिक वाहन, स्मार्ट फोन, माइक्रोवेव, फुटवियर, टैबलेट, सोलर पैनल आदि नीतिगत रूप से सस्ते होंगे, जिससे लोगों का बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रयागराज की आधारभूत संरचना, विकास को मजबूती
वरिष्ठ कर वित्त विशेषज्ञ डाॅ. पवन जायसवाल का कहना है कि बजट प्रयागराजवासियों और संगम नगरी की आधारभूत संरचना और विकास को मजबूत गति प्रदान करेगा। केंद्रीय करों में उप्र की हिस्सेदारी बढ़ने से विभिन्न मदों पर बढ़ी सहायता पूंजीगत परियोजनाओं को मजबूती देने के लिए अतिरिक्त बजट मिलेंगे। दिल्ली-वाराणसी कारिडोर प्रमुख शहरों से प्रयागराज की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा। इससे आर्थिक मजबूती मिलेगी। पूंजीगत व्यय में नौ फीसद बढ़ोत्तरी प्रयागराज एवं टीयर दो या तीन शहरों को लाभांवित करेगी। चिकित्सा, हेल्थकेयर, कृषि और औद्योगिक विकास को अप्रत्यक्ष समर्थन शहरियों को थोड़े समयांतराल में आर्थिक रूप से समृद्ध करेगा।
खबरें और भी
जुर्माने के तौर पर 25 फीसद आयकर नहीं लगेगा
बोले कि प्रयागराज में मोटर दुर्घटना दावा प्राधिकरण में हजारों मामले निपटाए जाते हैं। अब बीमा कंपनियों द्वारा दावाकर्ता को मिलने वाला ब्याज आयकर और टीडीएस मुक्त होगा। विदेश में खरीदी गई अचल संपत्ति की सूचना अनुपालन खिड़की पर छह माह के अंदर आनलाइन देने पर आयकर अभियोजन से छूट मिल सकेगी। जिले में साढ़े सात लाख से ज्यादा करदाता है। छोटे कारोबारियों के लिए नियमित विवरणी 31 अगस्त तक भरने के लिए एक माह अतिरिक्त समय दिया गया है। विलंबित रिटर्न भरने के लिए तीन माह की अतिरिक्त अवधि देते हुए 31 मार्च तक समय दे दिया गया है, इससे जुर्माने के तौर पर लगने वाला 25 फीसद आयकर नहीं लगेगा।
कारोबारियों को विभाग के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा
उन्होंने बताया कि सीनियर सिटीजन और छोटी आय करने वाले अब फार्म 15एच और 15जी केंद्रीय डिपाजिटरी को जमा करेंगे। इससे उन्हें प्रत्येक कंपनी को टीडीएस मुक्ति के फार्म को जमा करने से बड़ी राहत मिल जाएगी। साथ ही सैकड़ों कारोबारी जिन्हें न्यून या शून्य दर का टीडीएस टैक्स जमा करना है, अब उन्हें विभाग के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। डायबिटीज, कैंसर, जीवन रक्षक दवाएं, खेल उपकरण, इलेक्ट्रानिक वाहन, स्मार्ट फोन, टैबलेट, सोलर पैनल, माइक्रोवेव, फुटवियर आदि नीतिगत रूप से सस्ते होंगे, जिससे प्रयागराजवासियों की क्रय शक्ति में इजाफा होगा। यह बजट आयकर कानून को सहज और झमेलों से बचाने के कई उपाय घोषित करता ईज आफ लाइफ, बिजनेस और लिविंग के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
एमएसएमई में राहत देने पर छोटे उद्याेग को मिलेगा बढ़ावा
कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि इस बजट से व्यापारी और आम जनता को बहुत उम्मीद थी, लेकिन बजट में व्यापारी और आम जनता के लिए विशेष तौर पर कुछ भी नहीं है, जिसकी उम्मीद की गई थी। जीएसटी को लेकर व्यापारी आशांवित थे कि वित्त मंत्री सरलीकरण पर कुछ घोषणा करेंगी, लेकिन यहां भी वित्त मंत्री ने एक तौर पर निराश किया। ई कामर्स से त्रस्त व्यापार को राहत चाहिए थी। हालांकि, एमएसएमई रोजगार का सबसे बड़ा माध्यम है। इसमें सरकार ने राहत दी है, जिससे छोटे उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार का सृजन होगा।
एक लाख करोड़ का अतिरिक्त खर्च एक अच्छा कदम
उन्होंने कहा कि केपएक्स में एक लाख करोड़ का अतिरिक्त खर्च एक अच्छा कदम है। अमेरिका के टैरिफ लगने के बाद टैक्सटाइल इंडस्ट्री को बूस्टर की जरूरत थी। टेक्सटाइल पार्क और स्किल डेवलपमेंट से इंडस्ट्री को ग्लोबल प्रतिस्पर्धा कर सकेगी। सेंट्रल टैक्स में राज्य की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत करने से राज्य के पास धन होगा जो विकास के काम आएगा। हर जिले में एक विमेन हास्टल महिलाओं को सबल देगा। आयुर्वेद के विकास खर्च से देश में सस्ती और प्राकृतिक चिकित्सा सर्वसुलभ हो सकेगी। लेकिन इन सभी को लागू किए जाने की समय सीमा नहीं दी है, जिसकी कमी है।