तेंदुआ से सैकड़ों जान बचाने वाली बहादुर बेटी तनू का सम्मान करेंगे मुख्यमंत्री, लखनऊ में होंगी सम्मानित
प्रयागराज में कुछ माह पूर्व तेंदुआ से सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाली बहादुर तनू सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में विश्व वानिकी दिवस पर आयोज ...और पढ़ें

प्रयागराज की बहादुर तनू को सम्मानित करते डीएफओ अरविंद कुमार। जागरण आर्काइव
HighLights
विश्व वानिकी दिवस पर लखनऊ के इंदिरा भवन में तनू का होगा सम्मान
आठ जनवरी को बहादुरपुर के छिवैया गांव के घर में घुस गया था तेंदुआ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। करीब छह माह से गंगापार इलाके में गंगा की तराई में दहशत फैलाने वाले तेंदुआ से सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाली बहादुर बेटी तनू सिंह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हौसला बढ़ाएंगे। लखनऊ के इंदिरा भवन में विश्व वानिकी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में तनू का सम्मान होगा। इसके लिए वन विभाग के अफसर तनू को लेकर राजधानी जाएंगे।
तनू ने तेंदुआ को कमरे में कैद किया था
करीब ढाई महीने पूर्व बहादुरपुर के छिवैया गांव में शेखर सिंह के घर एक तेंदुआ घुस गया था। मौत को सामने देखकर भी घर में मौजूद शेखर की भतीजी तनू सिंह डरी नहीं, जबकि तेंदुआ उसी तखत के नीचे बैठा था, जिस पर वह लेटी थी। कमरे में मौजूद अन्य लोग जब सुरक्षित जगह पहुंच गए तो तनू ने साहस का परिचय दिया। तेंदुआ को उसी कमरे में कैद कर दिया था। बाद में वन विभाग ने उसे पकड़ लिया।
इस तरह तनू ने बचाई सैकड़ों ग्रामीणों की जान
तनू की बहादुरी से आतंक का पर्याय बने तेंदुआ कैद हो गया। इससे तनू के परिवार के लोगों के साथ ही बाहर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों की जान बच गई थी। अन्यथा तेंदुआ बाहर निकल जाता तो उन पर भी हमला कर सकता था।
वन विभाग कर चुका है सम्मानित
वन विभाग पहले ही तनू को जनपद स्तर पर सम्मानित कर चुका है। इसी के साथ प्रदेश स्तर पर उसके उत्साहवर्धन के लिए नाम प्रस्तावित किया गया था। विश्व वानिकी दिवस पर शनिवार को लखनऊ के इंदिरा भवन में समारोह होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बहादुर बेटी को सम्मानित करेंगे।