पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज के ACJM कोर्ट में परिवाद दाखिल, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज की एसीजेएम कोर्ट में धार्मिक भावनाएं आहत करने का परिवाद दाखिल किया गया है। उन पर राम मंदिर दान चोरी मामले ...और पढ़ें

पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव।
HighLights
साधु-संतों की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन करने का आरोप
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का भी किया गया है दावा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज की एसीजेएम (कक्ष संख्या-10) की अदालत में परिवाद दाखिल किया गया है। परिवाद अधिवक्ता एवं भाजपा के प्रदेश सह संयोजक (विधिक विभाग) सुशील कुमार मिश्रा ने अपने वकील अम्बिकेश्वर मिश्रा के माध्यम से दाखिल किया है। इसमें सांसद पर धार्मिक भावनाएं आहत करने, विद्वेष फैलाने, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है।
राम मंदिर दान चोरी में पप्पू यादव ने किया था प्रदर्शन
परिवाद में कहा गया है कि हाल में अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में दानराशि चोरी की घटना के बाद सांसद पप्पू यादव ने संसद भवन के सामने साधु-संतों एवं पुजारियों की वेशभूषा धारण कर गले में तख्ती लगाकर तथा नकली दानपात्र रखकर प्रदर्शन किया। परिवादी का आरोप है कि इस कृत्य से साधु-संतों, पुजारियों और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुईं तथा समाज में विद्वेष फैलाने का प्रयास किया गया है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
परिवाद में यह भी कहा गया है कि उक्त प्रदर्शन का प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों, सोशल मीडिया तथा समाचार पत्रों में हुआ, जिसे परिवादी ने अपने प्रयागराज स्थित कार्यालय में देखा। दावा किया कि घटना के संबंध में 31 जुलाई 2026 को सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक से शिकायत की गई थी। इसके बाद तीन अगस्त को थाना प्रभारी सिविल लाइंस और पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज को भी रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते परिवादी ने न्यायालय की शरण लेते हुए एसीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया है।