Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के बाहर रहते हैं तो परिवार के लोग भी भर सकते हैं नए वोटर का फार्म, निर्वाचन आयोग ने युवाओं को दी छूट

    By Gyanendra Singh Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 31 Jan 2026 03:47 PM (GMT+05:30)

    निर्वाचन आयोग ने युवाओं के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। जो युवा पढ़ाई के लिए शहर से बाहर हैं, उनके परिवार वाले फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। प्रयागराज ...और पढ़ें

    युवाओं के लिए निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, परिवार के सदस्य भी उनका वोटर फार्म भर सकते हैं।

    युवाओं के लिए निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, परिवार के सदस्य भी उनका वोटर फार्म भर सकते हैं।

    HighLights

    1. मेडिकल-इंजीनियरिंग व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को शहर के बाहर हैं काफी युवा

    2. परिवार के लोगों के साथ ही रिश्तेदार अथवा परिचित भी कर सकते है आवेदन

    3. प्रयागराज में पांच लाख नए मतदाता बनाने का लक्ष्य, आज बूथों पर दिन भर अभियान  

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के बाहर पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए निर्वाचन आयोग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नए वोटर बनने के लिए यह छूट दी गई है कि वह शहर में नहीं है तो उनके परिवार के लोग, रिश्तेदार अथवा कोई परिचित भी फार्म छह भरकर जमा कर सकता है। आनलाइन आवेदन भी किए जा रहे हैं।

    उनके परिवार के सदस्य भर सकते हैं फार्म-6

    मेडिकल-इंजीनियरिंग तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए काफी संख्या में युवा महानगरों में रह रहे हैं। दिल्ली, लखनऊ व कानपुर में काफी छात्र हैं। यही नहीं मेडिकल अथवा इंजीनियरिंग में प्रवेश ले चुके छात्र-छात्राएं भी घर में नहीं हैं, जिनके फार्म छह को उनके परिवार के लोग भर सकते हैं।

     नए मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान आज 

    प्रयागराज जनपद में नए मतदाता बनाने का लक्ष्य पांच लाख रखा गया है। अभी तक एक लाख 45 हजार नए मतदाता बनाने के लिए फार्म संख्या- 6  भरवाया जा सका है। नए मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान शनिवार को चलाया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान बूथों पर बीएलओ व अन्य कर्मचारी सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। उनके पास नए मतदाता बनाने के लिए फार्म संख्या- 6 उपलब्ध रहेगा।

    नाम संशोधन व कटवाने के फार्म भी बीएलओ के पास

    इसके अलावा नाम में संशोधन तथा नाम कटवाने के फार्म भी बीएलओ के पास रहेंगे। बीएलओ की सहायता के लिए प्रत्येक बूथ पर अन्य सरकारी कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है। राजनैतिक दलों के बूथ लेबल एजेंट (बीएलए) भी लगाए गए हैं। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत छह फरवरी तक ही नाम जोड़वाने, कटवाने व संशोधन कराने का समय है। ऐसे में शनिवार को बूथों पर चलने वाले विशेष अभियान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    खबरें और भी

    सवा लाख मतदाताओं को नोटिस

    नो मैपिंग वाले वोटर्स की बूथवार सूची तैयार कराकर बीएलओ को सौंपी जा रही है जिससे वह बीएलओ की सहायता कर सकेंगे। अब तक लगभग सवा लाख मतदाताओं को नोटिस भेजा जा चुका है। तकरीबन 20 लोगों ने नोटिस का जवाब भी दे दिया है, जिसके लिए सुनवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है।

    अभियान में हिस्सा लेकर दें योगदान : डीईओ

    जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जनपद वासियों का आह्वान किया है कि शनिवार को बूथों पर चलाए जाने वाले विशेष अभियान में हिस्सा लेकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए योगदान दें। कहा कि नए मतदाता बनने के लिए बूथों पर शनिवार को दिन भर बीएलओ रहेंगे, जो फार्म छह को भरवाएंगे।

    यह भी पढ़ें- Magh Purnima 2026 : रविपुष्य योग में लगेगी संगम में पुण्य की डुबकी, सुख-समृद्धि को क्या करें दान...बता रहे ज्योतिर्विद

    यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला, अधिकारियों-कर्मचारियों की दूसरी पत्नी की संतान को भी अनुकंपा के आधार पर मिलेगी नौकरी