यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की फर्जी खबर प्रसारित करने पर चार यूट्यूबर पर मुकदमा, प्रयागराज साइबर पुलिस की कार्रवाई
प्रयागराज पुलिस ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 से संबंधित फर्जी खबर फैलाने वाले चार यूट्यूबरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। यह कार्रवाई बोर्ड सचिव की शिकाय ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड सचिव ने प्रयागराज साइबर थाने में चार यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
HighLights
बोर्ड सचिव की तहरीर पर साइबर थाने में एफआइआर
साइबर स्पेस पर लगातार पेट्रोलिंग कर रही पुलिस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर फर्जी खबर प्रसारित करने के मामले में चार यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की तहरीर पर साइबर थाने की पुलिस ने यूट्यूब चैनल टारगेट बोर्ड आर्ट्स क्लास, आनलाइन स्टडी विथ दिवाकर सर, स्मार्ट एकेडमी और साइंस की पढ़ाई के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत मुकदमा कायम किया गया है। पुलिस मुकदमे की विवेचना करते हुए साक्ष्य संकलित कर रही है।
एफआइआर में क्या है आरोप?
साइबर थाने में दर्ज एफआइआर में कहा गया है कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा के संबंध में यूट्यूब चैनल की ओर से भ्रामक खबरें फैलाई गईं। कुछ यूट्यूब चैनल की ओर से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर प्रश्नपत्र वायरल नामक शीर्षक से भी भ्रामक खबरें और वीडियो अपलोड करके अफवाह फैलाई गई। इसमें चार यूट्यूब चैनल शामिल हैं।
छात्रों में असमंजस, बोर्ड की छवि धूमिल हुई
बताया गया कि इनकी भ्रामक और फर्जी सूचना प्रसारित होने से शासन, प्रशासन और परीक्षार्थियों में परीक्षा को लेकर भ्रम एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके साथ ही यूपी बोर्ड की छवि को धूमिल किया गया। यूपी बोर्ड की परीक्षा के निर्बाध संचालन के लिए संबंधित यूट्यूब चैनल के खिलाफ कार्रवाई करना आवश्यक है।
साइबर थाना प्रभारी बोले- विधिक कार्रवाई हो रही
साइबर थाना प्रभारी ओम नारायण गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर चार यूट्यूब चैनल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि यूपी बोर्ड के आरंभ होने के साथ ही साइबर सेल और साइबर थाने की ओर से साइबर स्पेस पर पेट्रोलिंग शुरू करते हुए संदिग्ध वेबसाइट व यूट्यूब चैनल की जांच की जा रही थी।