ईरान पर अमेरिका-इस्राइल हमले के बाद खेती-किसानी से जुड़ी सामग्री क्यों हुई महंगी? प्रयागराज के किसान भी परेशान
ईरान पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से प्रयागराज में प्लास्टिक पाइपों के दाम बढ़ गए हैं। इससे किसानों की सिंचाई लागत बढ़ गई है। कारोबारियों ...और पढ़ें

प्रयागराज के हीवेट रोड मुहल्ले स्थित गोदाम में रखी प्लास्टिक की पाइपें। जागरण
HighLights
15-20 रुपये प्रतिकलो वाली पाइपों की कीमत बढ़ी
काराेबारियों में भी अनिश्चिता की स्थिति बरकरार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ईरान पर अमेरिका व इजराइल द्वारा किए गए हमले के कारण स्ट्रेट आफ होर्मुज से आपूर्ति बाधित होने की आशंका से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। प्लास्टिक उत्पादन के लिए कच्चा तेल मुख्य कच्चा माल है, इसलिए तेल की कीमतों में उछाल के कारण प्लास्टिक के सामानों, पैकेजिंग और अन्य उत्पादों के दाम तेजी से बढ़े हैं।
खेती-किसानी में उपयोग होता है प्लास्टिक पाइप
इसका असर यह हुआ कि 15-20 रुपये प्रतिकलो बिकने वाली प्लास्टिक के पाइपों की कीमत में तेजी आई है। इसमें सर्वाधिक पाइप का उपयोग खेती-किसानी से जुड़ा है। इस कारण किसानों के सामने एक बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
प्लास्टिक से बने सामानों की लागत बढ़ती है
प्लास्टिक का उत्पादन पेट्रोकेमिकल्स पर निर्भर करता है। कच्चे तेल के महंगे होने से पेट्रोकेमिकल का उत्पादन महंगा हो जाता है। इससे प्लास्टिक, पैकेजिंग, और प्लास्टिक से बने उपभोक्ता सामानों की लागत बढ़ जाती है। ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिससे माल ढुलाई महंगी हो गई है।
क्या कहते हैं कारोबारी?
प्रयागराज के कारोबारी अंबरीश खुराना, मोहित, इंद्रेश भार्गव का कहना है कि भारत अपना 50 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल इसी क्षेत्र से आयात करता है, जिससे घरेलू बाजार में महंगाई की मार पड़ने की आशंका है। यह स्थिति अगर लंबे समय तक बनी रहती है, तो प्लास्टिक से बने सामान, रसोई के डिब्बे से लेकर पैकेज्ड सामान तक और महंगे हो सकते हैं।
खबरें और भी
बाजार में काफी अनिश्चिता की स्थिति
इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव नैय्यर कहते हैं कि कारोबारियों का कहना है कि पीवीसी रेजिन, हाईडेंसीरि पाली एथलीन, पाली प्रापलीन आदि पेट्रो केमिकल के उत्पाद हैं, जो कच्चे तेल से तैयार होते हैं। इनके दाम तीन-चार दिन में 15-20 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। इसके अलावा जो केमिकल जैसे डीबीपी, सीपी डब्ल्यू आदि जिसका कच्चा माल ईरान से आता है, उन माल की आपूर्ति ठप होने से इनके रेट आसमान छूट रहे हैं। ऐसे में बाजार में काफी अनिश्चिता की स्थिति है। अभी कीमतें और बढ़ने की संभावना है।