प्रयागराज: हंडिया थाना प्रभारी और दारोगा सस्पेंड, जमीन के मामले में घूस लेने व एक पक्ष की पैरवी करने के आरोप में कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने प्रयागराज के हंडिया थाना प्रभारी अनूप सरोज और दारोगा बृजेश कुमार को निलंबित कर दिया है। यह ...और पढ़ें

प्रयागराज में गगापार के हंडिया थाना प्रभारी और दारोगा सस्पेंड किए गए हैं।
HighLights
मामले की जांच कराने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सख्त एक्शन लिया
दारोगा पर चार लाख लेने, प्रभारी पर कार्रवाई न करने का आरोप
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पुलिस कमिश्नर ने गुरुवार को हंडिया थाने के इंस्पेक्टर अनूप सरोज और विवेचक दारोगा बृजेश सिंह को निलंबित कर दिया गया। दारोगा पर मकान को कब्जा मुक्त करवाने के लिए चार लाख रुपये लेने और प्रभारी निरीक्षक पर मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। गोपनीय जांच में प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच बैठाई गई है।
जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर मुहल्ले में रहने वाले व्यापारी रोहन का कहना है कि उनकी मां श्रद्धा श्रीवास्तव ने हंडिया के धौरहरा गांव में एक मकान खरीदा है। आरोप है कि मकान बेचने के बाद विपक्षी ने उस पर दोबारा कब्जा कर लिया। ताला तोड़ डाला और सीसीटीवी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी आरोप है कि इसकी शिकायत उन्होंने थाना प्रभारी हंडिया अनूप सरोज से की तो उन्होंने कार्रवाई न करते हुए दारोगा बृजेश के पास भेज दिया। तब दारोगा ने हीलाहवाली की और फिर मकान को कब्जा मुक्त करवाने के लिए चार लाख रुपये लिए। इसकी शिकायत पर इंस्पेक्टर ने कोई कार्रवाई नहीं की। तब पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया से शिकायत की। उन्होंने ने मामले की जांच कराई तो प्रथमदृष्टया आरोप सही मिले। इसी आधार पर गुरुवार को इंस्पेक्टर और दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
व्यापारी रोहन का कहना है कि जांच के दौरान दारोगा ने उनका पैसा वापस कर दिया। उन्होंने लेखपाल व आरआइ पर भी 50 हजार रुपये लेने और धमकी देने का आरोप लगाया है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह का कहना है कि शिकायत मिली थी, जिसकी जांच में प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
