IIIT Allahabad के इतिहास में पहली बार 4 छात्रों को 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज, BTec प्लेसमेंट में 96.25% चयनित
आईआईआईटी इलाहाबाद के बीटेक 2026 बैच के 4 छात्रों को रिकॉर्ड 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। बीटेक प्लेसमेंट 96.25%, जबकि एमटेक में 77.24% छात्रों का चयन हुआ।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) इलाहाबाद।
HighLights
बीटेक 2026 बैच के 480 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 462 का हुआ चयन
एमटेक 2025 बैच के 145 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 112 किए गए चयनित
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के बीटेक 2026 बैच के प्लेसमेंट में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। आईआईआईटी इलाहाबाद के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब संस्थान के चार छात्रों को कुल 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। वहीं बीटेक के 480 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 462 का सफलतापूर्वक चयन हुआ। इस तरह बीटेक का कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 96.25 रहा।
संस्थान के निदेशक विद्यार्थियों के प्रदर्शन से गदगद
संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुटावने के अनुसार, बेहतर प्लेसमेंट परिणाम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी संकाय, मजबूत उद्योग-संबंधों और विद्यार्थियों के लिए संचालित केंद्रित करियर विकास पहलों का परिणाम हैं। संस्थान विद्यार्थियों को तकनीकी एवं उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर लगातार जोर दे रहा है।
मेडियन एमएम 26 लाख रुपये प्रतिवर्ष
बीटेक 2026 बैच के प्लेसमेंट में 46 प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिले। इसके अलावा छह महीने की आन-साइट इंडस्ट्री इंटर्नशिप से जुड़े 119 फुल टाइम एम्प्लॉयमेंट आफर और 97 विशिष्ट फुल टाइम एम्प्लायमेंट ऑफर प्राप्त हुए। चयनित बीटेक विद्यार्थियों का औसत वार्षिक कॉस्ट टू कंपनी करीब 32.50 लाख रुपये रहा, जबकि मेडियन एमएम 26 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा।
एमटेक में भी बेहतर प्रदर्शन
एमटेक 2025 बैच का प्लेसमेंट प्रदर्शन भी उत्साहजनक रहा। कुल 145 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 112 का चयन हुआ और प्लेसमेंट दर 77.24 प्रतिशत रही। कार्यक्रम/स्ट्रीम स्तर पर आईटी स्ट्रीम में 97.6 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज हुआ और औसत पैकेज करीब 28 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग स्ट्रीम में 94.4 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ तथा औसत पैकेज करीब 26 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा।
