Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारतीय रेलवे में बंपर नौकरियां, 1.43 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार, 31 हजार युवाओं का फाइनल चयन

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 05 Feb 2026 04:10 PM (GMT+05:30)

    भारतीय रेलवे ने 2024-25 के वार्षिक कैलेंडर के तहत 1,43,086 गैर-राजपत्रित पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। 2.5 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन ...और पढ़ें

    भारतीय रेलवे में 2024-25 के दौरान लगभग डेढ़ लाख रिक्तियां निकलीं, जिनमें से 31 हजार उम्मीदवारों का अंतिम चयन हुआ है।

    भारतीय रेलवे में 2024-25 के दौरान लगभग डेढ़ लाख रिक्तियां निकलीं, जिनमें से 31 हजार उम्मीदवारों का अंतिम चयन हुआ है।

    HighLights

    1.  RRB ने वर्ष 2024 व 2025 के वार्षिक कैलेंडर के तहत 1,43,086 रिक्तियों की तेज की भर्ती 

    2. परीक्षाएं देश के 157 से अधिक शहरों में और 15 अलग-अलग भाषाओं में आयोजित की गईं 

    अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे करोड़ों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने वर्ष 2024 और 2025 के वार्षिक कैलेंडर के तहत कुल 1,43,086 गैर-राजपत्रित (Non-Gazetted) रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया है। रेलवे का लक्ष्य इन नियुक्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर युवाओं को रोजगार और रेल संचालन को नई शक्ति देना है।

    लाखों पदों पर भर्ती का मेगा प्लान

    उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, जनवरी से दिसंबर 2024 के बीच रेलवे ने कुल 92,116 रिक्तियों के लिए 10 अलग-अलग केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचनाएं (CEN) जारी की थीं। इनमें सहायक लोको पायलट (ALP), तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर (JE), आरपीएफ में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल, पैरामेडिकल स्टाफ और बहुप्रतीक्षित गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (NTPC) के पद शामिल हैं। इसमें दक्षिणी रेलवे की 6927 और आइसीएफ की 1395 रिक्तियां भी जोड़ी गई हैं, ताकि हर क्षेत्र के युवाओं को समान अवसर मिल सके।

    2.5 करोड़ उम्मीदवारों ने किया आवेदन 

    रेलवे की इन नौकरियों के लिए देश भर से रिकार्ड 2 करोड़ 50 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इतनी विशाल संख्या को संभालने के लिए रेलवे ने अत्याधुनिक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली का सहारा लिया है। अब तक 59,678 पदों के लिए पहले चरण या एकल चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है। यह परीक्षाएं देश के 157 से अधिक शहरों में और 15 अलग-अलग भाषाओं में आयोजित की गईं, ताकि भाषा किसी भी मेधावी छात्र के लिए बाधा न बने।

    चयन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण पड़ाव

    भर्ती प्रक्रिया अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है।
    अंतिम पैनल : तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल और सहायक लोको पायलट सहित विभिन्न श्रेणियों में 31,000 से अधिक उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया गया है। यानी इन युवाओं की नौकरी अब लगभग पक्की हो चुकी है।

    खबरें और भी

    लेवल-1 परीक्षा : सहायक, ट्रैक मेंटेनर और पॉइंट्समैन जैसे लेवल-1 के 32,438 पदों के लिए परीक्षाएं बीते 27 नवंबर 2025 से शुरू हो चुकी हैं, जो 140 शहरों में चल रही हैं।

    स्किल टेस्ट : एएलपी और एनटीपीसी पदों के लिए जरूरी एप्टीट्यूड टेस्ट और टाइपिंग स्किल टेस्ट भी पूरे कर लिए गए हैं।


    वर्ष 2025 के लिए भी बड़ी तैयारी

    रेलवे ने भविष्य की योजना भी साझा की है। वार्षिक कैलेंडर 2025 के अनुसार, नौ नई अधिसूचनाओं के माध्यम से 50,970 अतिरिक्त रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें भी दक्षिणी रेलवे और आइसीएफ के पदों को शामिल किया गया है। यह दिखाता है कि रेलवे अब हर साल नियमित रूप से रिक्तियां भरने की नीति पर काम कर रहा है।

    क्या कहते हैं सीपीआरओ

    उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शशिकांत त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि, "रेलवे प्रशासन पूरी पारदर्शिता और सुचिता के साथ इन भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा कर रहा है। हमारा मुख्य फोकस सुरक्षा श्रेणियों (Safety Categories) को मजबूत करना है, ताकि रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। 31 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों का चयन अंतिम दौर में होना बड़ी उपलब्धि है, और बाकी परीक्षाओं के परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे।" यह पूरी जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लोकसभा में दिए गए आधिकारिक विवरण के आधार पर जारी की गई है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति समाप्त हो गई है।

    आरआरबी प्रयागराज में भर्ती प्रक्रिया तेज

    आरआरबी प्रयागराज भी अपनी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तेजी के साथ संपन्न करने के लिए काम कर रहा है। देश भर में सबसे तेज प्रक्रिया पूरी करने के लिए इसी वर्ष की समय सीमा भी तय की गई है, ताकि उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे में रिक्त पदों को तेजी से भरा जा सके।

    यह भी पढ़ें- माघ मेला में संगम स्नान करने जा रही महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पति की पिटाई, चार आरोपित गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- Prayagraj Weather Forecast : 6 फरवरी से बढ़ेगा तापमान, तेज होगी धूप, आने वाले दिनों को लेकर क्या कहता है मौसम विभाग?