माघ मेला में संगम स्नान करने जा रही महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पति की पिटाई, चार आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज में माघ मेला जा रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ और उसके पति की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। झूंसी थाना क्षेत्र ...और पढ़ें

प्रयागराज माघ मेला में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति की पिटाई करने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
HighLights
प्रयागराज में झूंसी थाना क्षेत्र की घटना, भुक्तभोगी ने धमकी देने का भी लगाया आरोप
पुलिस का दावा है कि बाइक टकराने से मारपीट हुई, छेड़खानी की बात सही नहीं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला क्षेत्र में संगम स्नान करने जा रही महिला से छेड़छाड़ करने और विरोध पर उसके पति की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि बाइक टकराने को लेकर गाली गलौज और मारपीट हुई थी लेकिन छेड़खानी की बात सही नहीं है।
मेला क्षेत्र में महावीर थाने के निकट की घटना
झूंसी निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ पांच दिन पूर्व संगम स्नान करने के लिए जा रहा था। आरोप है कि मेला क्षेत्र में महावीर थाने के पास एक बाइक सवार युवक ने उनकी पत्नी से छेड़खानी की। विरोध पर गाली गलौज करते हुए धमकी दी। कुछ दूर आगे जाने पर बाइक सवार युवक ने अपने कई साथियों को बुला लिया। इसके बाद रास्ता रोक करके उसकी पिटाई की जिससे वह जख्मी हो गया।
पुलिस ने कहा- छेड़खानी के तथ्य प्रकाश में नहीं आए
हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर दारागंज थाने में पुलिस ने मुकदमा कायम किया। डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य का कहना है कि घटना में शामिल चार आरोपितों को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में गाली गलौज और मारपीट की बात सामने आई है। छेड़खानी के तथ्य प्रकाश में नहीं आए।