यात्रीगण ध्यान दें, ट्रेन के डॉग बाक्स में अब सिर्फ एक पालतू श्वान यात्रा कर सकेगा, सुरक्षित होगी यात्रा
रेलवे ने पालतू कुत्तों को ट्रेन में ले जाने के नियमों में बदलाव किया है। अब एक डॉग बॉक्स में ...और पढ़ें

भारतीय रेलवे ने ट्रेन के डॉग बाक्स में कुत्ते के यात्रा करने के नियम में बदलाव किया है।
HighLights
सुरक्षित व आरामदायक होगा श्वानों का सफर
पहले एक ही बाक्स में होते थे दो या अधिक कुत्ते
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ट्रेनों में अपने पालतू कुत्तों को साथ ले जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अहम फैसला लिया है। ट्रेनों के ब्रेकवैन में बने 'डॉग बाक्स' में श्वानों की बुकिंग और परिवहन के दौरान अब एक डॉग बाक्स में केवल एक ही कुत्ते को बुक करने और ले जाने की अनुमति होगी। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए 18 अगस्त को आदेश जारी कर दिया है और सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों को इसे लागू करने के लिए कहा है।
एक डॉग बाक्स में दो या अधिक श्वान बुक होते थे
पुराने नियम के तहत एक ही डॉग बाक्स में दो या उससे अधिक कुत्तों को भी बुक कर दिया जाता था। उन्हें आपस में लड़ने से बचाने के लिए एक-दूसरे से दूर जंजीर से बांधकर रखा जाता था। इससे अक्सर कुत्तों के आपस में लड़ने, चोटिल होने और घुटन का जोखिम बना रहता था।
एक डॉग बाक्स में केवल एक ही श्वान जा सकेंगे
अब एक डॉग बाक्स में केवल एक ही श्वान बुक होगा। किसी अन्य यात्री का कुत्ता उस बाक्स में साझा (शेयर) नहीं किया जाएगा। जो बड़े आकार के कुत्ते डॉग बाक्स में नहीं आ सकते, उन्हें पहले की तरह कोचिंग टैरिफ की शर्तों के अनुसार विशेष वाहन में बुक कराना होगा।
साफ्टवेयर व बुकिंग प्रणाली में तत्काल बदलाव के निर्देश
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (यात्री विपणन) रोहित कुमार ने बताया कि क्रिस और आईआरसीटीसी को अपने साफ्टवेयर व बुकिंग प्रणाली में तत्काल आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बुकिंग के समय यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
