Indian Railways : रेलवे का नया नियम, मोबाइल से जनरल टिकट बुक करने पर 15 जुलाई से आइडी कार्ड जरूरी
रेलवे ने 15 जुलाई से मोबाइल ऐप 'रेलवन' से जनरल टिकट बुक करने के लिए पहचान पत्र की जानकारी अनिवार्य कर दी है। यह नियम टिकटों की कालाबाजारी रोकने और यात ...और पढ़ें

'रेलवन ऐप' से टिकट बुक करने पर यात्रियों के पास फोटोयुक्त पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा।
HighLights
रेलवे के नए 'रेलवन ऐप' से टिकट बुक पर फोटोयुक्त पहचान पत्र की जानकारी अनिवार्य होगा
नए नियमों के तहत टिकट बुक करना आसान है, कुछ चरणों का पालन कर बुक कर सकते हैं
अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। अगर आप भी ट्रेन में सफर करने के लिए मोबाइल से जनरल टिकट बुक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। रेलवे प्रशासन ने ऑनलाइन जनरल टिकट बुकिंग के नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है। यह नया नियम 15 जुलाई से पूरी तरह लागू हो रहा है।अब अगर आप रेलवे के नए 'रेलवन ऐप' (RailOne App) से जनरल टिकट बुक करेंगे, तो आपके टिकट पर फोटोयुक्त पहचान पत्र की जानकारी होना अनिवार्य होगा। यह नियम क्या है और आप आसानी से टिकट कैसे बुक कर सकते हैं।
क्या है नया नियम और किस पर होगा लागू?
ऑनलाइन टिकट के लिए: यह नियम केवल उन यात्रियों पर लागू होगा जो मोबाइल में 'रेलवन ऐप' के जरिए जनरल टिकट बुक करते हैं।
टिकट पर छूट : अगर आप रेलवे स्टेशन की खिड़की (काउंटर) पर जाकर नकद पैसे देकर जनरल टिकट खरीदते हैं, तो वहां आपको कोई आईडी प्रूफ देने की जरूरत नहीं होगी। यह पहले की तरह ही सामान्य रहेगा।
ओरिजिनल आइडी साथ रखना जरूरी : ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद, यात्रा के दौरान आपको वही असली पहचान पत्र (जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड आदि) अपने साथ रखना होगा, जिसकी जानकारी आपने टिकट बुक करते समय दी थी।
स्क्रीनशॉट और वॉट्सएप टिकट अब बंद
अक्सर लोग अपने मोबाइल से टिकट बुक करके उसका स्क्रीनशॉट या वॉट्सऐप पर फोटो दूसरे के मोबाइल पर भेज देते थे। अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। टिकट केवल उसी मोबाइल नंबर पर वैध माना जाएगा, जिससे उसे बुक किया गया है। चेकिंग के दौरान टीटीई को एप के अंदर ही टिकट दिखाना होगा। वाट्सएप या स्क्रीनशॉट दिखाने पर आपको बिना टिकट मानकर जुर्माना लगाया जा सकता है।
'रेलवन ऐप' से टिकट बुक करने का आसान तरीका
नए नियमों के तहत टिकट बुक करना बहुत आसान है। आप इन चरणों का पालन करके अपना टिकट बुक कर सकते हैं।
चरण 1 : ऐप डाउनलोड और लॉगिन करें
सबसे पहले अपने मोबाइल के प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से नया 'रेलवन ऐप' डाउनलोड करें। अपने मोबाइल नंबर से इसमें रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करें।
चरण 2: यात्रा की जानकारी भरें
एप के होम पेज पर जाकर 'बुक टिकट' या 'जनरल टिकट' के विकल्प को चुनें। इसके बाद आप कहां से कहां तक की यात्रा करना चाहते हैं (स्टेशन का नाम), उसे दर्ज करें।
चरण 3: यात्रियों की संख्या चुनें
आपको कितने लोगों का टिकट बुक करना है, उनकी संख्या चुनें। (ध्यान रहे कि जितने भी यात्री होंगे, उनके विवरण सही होने चाहिए)।
चरण 4: पहचान पत्र की जानकारी डालें
अब आपके सामने पहचान पत्र का विकल्प आएगा। यहां आपको अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी) का प्रकार चुनना होगा और उसका नंबर दर्ज करना होगा।
चरण 5: भुगतान करें
सभी जानकारी सही-सही भरने के बाद स्क्रीन पर टिकट का किराया दिखाई देगा। आप यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन भुगतान करें।
चरण 6: टिकट सुरक्षित करें
भुगतान सफल होते ही आपका डिजिटल जनरल टिकट ऐप में दिख जाएगा। इस टिकट पर आपका आईडी नंबर भी लिखा होगा। अब आप बिना किसी चिंता के यात्रा कर सकते हैं।
रेलवे ने क्यों किया बदलाव?
रेलवे का मुख्य उद्देश्य टिकटों की कालाबाजारी को रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि जो व्यक्ति टिकट बुक कर रहा है, वही यात्रा करे। कई बार लोग गलत तरीके से टिकट बुक कर दूसरों को दे देते थे, जिससे सुरक्षा का खतरा भी बना रहता था। अब ऐप से टिकट बुक होने पर यात्री की सही पहचान रेलवे के पास रहेगी, जिससे सफर और सुरक्षित बनेगा।
खबरें और भी
क्या कह रहे अधिकारी
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि 15 जुलाई से जब भी यात्री घर से निकलें, अपना असली पहचान पत्र साथ रखना न भूलें। यदि रेलवन एप से बुक टिकट पर दर्ज आईडी और आपके पास मौजूद असली आईडी मैच नहीं हुई, तो रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।