इंडियन रेलवे मालगाड़ी के ब्रेक वैन में करेगा बड़े बदलाव, ट्रेन मैनेजरों को मिलेंगी कई हाईटेक सुविधाएं
भारतीय रेलवे मालगाड़ी के ब्रेक वैन में बड़े बदलाव कर रहा है, जिससे ट्रेन मैनेजरों को 360-डिग्री घूमने वाली कुर्सी और सोलर-पावर्ड सुविधाएं मिलेंगी। ...और पढ़ें

उत्तर मध्य रेलवे द्वारा तैयार किया गया हाईटेक ब्रेक वैन का प्रोटोटाइप
HighLights
ट्रेन मैनेजरों को मिलेगी 360-डिग्री घूमने वाली आरामदायक कुर्सी।
ब्रेक वैन में सोलर पैनल से पंखे और लाइट की सुविधा।
झांसी कारखाने ने विकसित किया, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अब वो दिन दूर नहीं जब मालगाड़ी के सबसे पीछे के डिब्बे (ब्रेक वैन) में ट्रेन मैनेजर (गार्ड) साहब 360-डिग्री घूमने वाली आरामदायक कुर्सी पर बैठकर सफर करते नजर आएंगे। इसके लिए भारतीय रेलवे ने ट्रेन मैनेजरों (गार्ड्स) की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए ब्रेक वैन (बीवीजेडआई और बीवीसीएम) को संशोधित कर दिया है।
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी वैगन मरम्मत कारखाने द्वारा विकसित संशोधित ब्रेक वैन के प्रोटोटाइप (नमूने) को रेलवे बोर्ड ने राष्ट्रव्यापी अपग्रेडेशन के लिए आधिकारिक निर्देश जारी किया है। अब देशभर के सभी जोनल रेलों में मालगाड़ियों के ब्रेक वैनों में यह बदलाव देखने को मिलेंगे।
मिलेंगी कई सुविधाएं
सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ब्रेक वैन में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब गार्ड 360-डिग्री घूमने वाली विशेष कुर्सी पर बैठकर ट्रेन की निगरानी कर सकेंगे। इसके अलावा सोलर पैनल और संयुक्त नियंत्रण इकाई के साथ लिथियम फेरो ऑस्फेट बैटरी के समावेश से पंखे और लाइट की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
केबिन के आंतरिक हिस्से में टिकाऊ पॉलियामाइड एपाक्सी रेजिन फ्लोरिंग, फ्लीट ग्राफिक्स फिल्म और बेहतर गुणवत्ता वाला कमोड लगाया गया है। वॉकी-टॉकी स्टैंड, बोतल होल्डर, कोट हुक, ग्रैब हैंडल और यूनिवर्सल की वाला डोर लॉक जैसी अतिरिक्त सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- हाजीपुर और बरौनी के रास्ते चलेगी सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि नए डिजाइन के ब्रेक वैन से हमारे ट्रेन मैनेजरों के काम करने की कठिन स्थितियों में सुधार होगा।