'कांवर मार्ग पर फर्जी नाम से संचालित ढाबे व मांस-मदिरा की दुकानें बंद होंगी', डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दिखाए तल्ख तेवर
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में कहा कि कांवर यात्रा मार्ग पर मांस-मदिरा की दुकानें और फर्जी नाम से चल रहे ढाबे बंद होंगे। उन्होंने प ...और पढ़ें

प्रयागराज के सहसों में विकास भवन का लोकार्पण करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य साथ में अन्य विशिष्टजन। सौ. संगठन
HighLights
कहीं कोई गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी
उप मुख्यमंत्री बोले- आंदोलन में शामिल छात्रों की गलती सरकार माफ करेगी
चेतावनी भरे लहजे में कहा- सपाई गुंडों ने यदि तोड़फोड़ की होगी तो कार्रवाई होगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, सभी तीज-त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। किसी भी तरह का दंगा फसाद करने की किसी में हिम्मत नहीं। कांवर यात्रा भी शांतिपूर्ण तरीके से हो रही है। फिर सावन में लोग भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए निकलेंगे। सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। यदि कहीं कोई गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सहसों में नए विकासखंड भवन का लोकार्पण
यह बात उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में रविवार को कही। वह सहसों में नए विकासखंड भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने कहा, कांवर मार्ग पर जितनी भी मांस और मदिरा की दुकानें हैं, उन्हें बंद करना होगा। यदि कोई ऐसी दुकान या ढाबा है जो फर्जी नाम अर्थात नाम बदल कर चल रही है, उसे भी दुकानदार स्वयं बंद कर दें नहीं तो प्रशासन बंद करा देगा।
पेपर लीक आंदोलन में तोड़फोड़ की जांच
पेपर लीक को लेकर हुए आंदोलन के दौरान जो तोड़फोड़ हुई है, उसकी जांच चल रही है। यदि किसी छात्र ने गलती की है तो उसे माफ कर दिया जाएगा। यदि किसी सपाई या अन्य दल के गुंडे ने इस तरह की हरकत की है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के 27 साल पूरे होने पर अमर बलिदानियों को नमन किया। कहा, यह पाकिस्तान को सब सिखाने वाला दिन है। पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि हिंदुस्तान से कभी टकराने की कोशिश न करें।
प्रतिमाओं का किया लोकार्पण
पुरुषोत्तमपुर और गारापुर में गौतम बुद्ध, डॉ. भीमराव आंबेडकर, महाराणा प्रताप सिंह, संत गाडगे की प्रतिमा के लोकार्पण के साथ उप मुख्यमंत्री ने सहसों ब्लाक के नव सृजित भवन का लोकार्पण भी किया। पौधे लगाने के साथ स्थानीय लोगों को भी पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाबी दी गई। इस समारोह में विधायक दीपक पटेल, डब्बू यादव, विनय तिवारी, अनिल पटेल आदि मौजूद रहे।