विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेनों में मुफ्त का सफर करने वालों को भारी पड़ा: हर घंटे 101 यात्री पकड़े गए, 20 दिन में 4.51 करोड़ रुपये वसूले

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Updated: Sun, 23 Aug 2026 03:09 PM (IST)

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने 1 से 20 अगस्त तक चले अभियान में बिना टिकट या अनियमित यात्रा ...और पढ़ें

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रेल मंडल ने नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रेल मंडल ने नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा।

HighLights

  1. उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रेल मंडल ने नियमों की अनदेखी करने वालों पर कसा शिकंजा

  2. 1-20 अगस्त तक चलाए गए अभियान में 48,481 यात्रियों से 4,51,36,868 रुपये जुर्माना वसूला

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगर आप भी ट्रेनों में बिना टिकट या जनरल टिकट लेकर आरक्षित बोगियों में सफर करने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रेल मंडल ने नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा है। रेलवे ने 1 से 20 अगस्त तक चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान में 48,481 मुसाफिरों को पकड़कर 4,51,36,868 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

हर घंटे 94 हजार रुपये की वसूली

कार्रवाई के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। महज 20 दिनों (480 घंटों) के भीतर रेलवे के खजाने में रोजाना औसतन 22.56 लाख रुपये जुर्माने से आए। प्रति घंटे के हिसाब से करीब 94,035 रुपये और प्रति मिनट लगभग 1,567 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 2,424 और हर घंटे करीब 101 यात्री पकड़े गए।

बेटिकट से ज्यादा मिले 'अनियमित' यात्री

जांच में पूरी तरह बिना टिकट चलने वालों से ज्यादा संख्या उन यात्रियों की मिली, जो गलत श्रेणी या बिना रिजर्वेशन के स्लीपर व एसी में यात्रा कर रहे थे। अनियमित यात्रा के कुल 25,647 मामले पकड़े गए, जिनसे 1,98,31,952 रुपये वसूले गए। वहीं, बिना टिकट चलने वाले 20,611 यात्रियों से 2,33,20,347 रुपये का जुर्माना लिया गया।

गंदगी और धूम्रपान पर 19.70 लाख का चालान

स्टेशनों और ट्रेनों में बीड़ी-सिगरेट पीने और गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई।
ऐसे 2,202 यात्रियों से 19,70,252 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बिना बुक कराए भारी सामान ले जाने वाले 21 यात्रियों से 14,317 रुपये वसूले गए।

प्रयागराज जंक्शन पर सबसे ज्यादा जुर्माना

स्टेशनों की बात करें तो प्रयागराज जंक्शन पर सर्वाधिक 15,819 यात्री पकड़े गए, जिनसे अकेले 1,48,84,253 रुपये वसूले गए। कानपुर सेंट्रल 9,577 मामलों और 91,31,996 रुपये जुर्माने के साथ दूसरे स्थान पर रहा। टूंडला में 47.26 लाख, प्रयागराज छिवकी में 45.81 लाख और अलीगढ़ में 36.24 लाख रुपये की वसूली हुई।

अभियान आगे भी जारी रहेगा

डीआरएम प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और सीनियर डीसीएम (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वैध यात्रियों की सुविधा और सुगम सफर के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।

यह भी पढ़ें- Indian Railways : अब वीडियो कांफ्रेंसिंग से होगी विभागीय जांच, सामान्य दिनों में भी ऑनलाइन सुनवाई को हरी झंडी

यह भी पढ़ें- 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके रेलवे पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर, अब निजी अस्पतालों में इलाज होगा आसान