RPF कमांडेंट को हनी ट्रैप में फंसाया, प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे के रेस्ट रूम में ठहरकर महिला ने किया ब्लैकमेल
उत्तर मध्य रेलवे के आरपीएफ कमांडेंट को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया गया, जिसमें एक महिला प्रयागराज जंक्शन के रेलवे ...और पढ़ें

आरपीएफ कमांडेंट से ब्लैकमेलिंग करने वाली महिला पकड़ी गई।
HighLights
झांसी पुलिस की छापेमारी में आरोपित महिला गिरफ्तार, खोले कई राज
सक्रिय सिंडिकेट में यूट्यूबर सहित कई तथाकथित पत्रकार भी शामिल हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में तैनात एक रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) कमांडेंट को हनीट्रैप में फंसा कर ब्लैकमेल करने और उनके परिवार के उत्पीड़न का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हनी ट्रैप में फंसाने वाली युवती प्रयागराज जंक्शन पर बने रेलवे के गेस्ट रूम में ही बैठकर कमांडेंट के परिवार को ब्लैकमेल करती रही।
झांसी पुलिस कर रही छानबीन
झांसी पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने घटना से जुड़े अहम राज भी खोले हैं। पता चला है कि इस पूरे मामले में एक सिंडिकेट भी काम कर रहा था। जिसमें यूट्यूब चैनल के यूट्यूबर सहित कई तथाकथित पत्रकार भी शामिल हैं। फिलहाल झांसी पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। बताया गया है कि दो महीना पहले डीआरएम ऑफिस के पास झांसी जनपद के थाना नवाबाद निवासी आरपीएफ कमांडेंट की पत्नी ने नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
उनका आरोप है कि मरीना लाजरस उर्फ मरीना जैसी निवासी हुबली कर्नाटक उनके पति, परिवार को लगातार ब्लैकमेल कर रही है और आपराधिक धमकी दे रही है। मरीना द्वारा विभिन्न माध्यमों, विशेषकर वाट्सएप एवं मोबाइल फोन के माध्यम से 15 लाख रुपये की अवैध मांग की जा रही है। उसने धमकी दी है कि यदि धनराशि उसे नहीं दी गई, तो वह अपने सहयोगियों के माध्यम से मेरी, मेरे पति तथा मेरे परिवार के सदस्यों की हत्या करवा देगी।
आरपीएफ कमांडेंट की पत्नी के अनुसार मरीना द्वारा पूर्व में भी ब्लैकमेल एवं भयभीत करके मेरे पति से जबरन धनराशि की वसूली की जा चुकी है। वह मुझसे एवं मेरे पति से पुनः इसी प्रकार अवैध रूप से धन उगाही करने के उद्देश्य से रुपये 15 लाख की मांग कर रही है तथा मांग पूरी न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रही है। मरीना द्वारा इलेक्ट्रानिक उपकरणों, मोबाइल फोन, लैपटाप, क्लाउड स्टोरेज एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करके मेरे तथा मेरे परिवारजनों के आपत्तिजनक चित्र, वीडियो, रिकार्ड एवं अन्य सामग्री तैयार अथवा एडिट करके बदनाम किया जा रहा है।
न्यूज चैनल के प्रबंधक, रिपोर्टर पर भी केस
आरपीएफ के कमांडेंट ने यूट्यूब पर चलने वाले न्यूज चैनल के प्रबन्धक, रिपोर्टर, एंकर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है भ्रामक एवं बिना किसी ठोस साक्ष्य के एक वीडियो/न्यूज अपने चैनल पर एक लड़की का नाम उनके साथ जोड़ते हुए अवैध संबंधों का जिक्र किया। पद पर बने रहने के सम्बन्ध में प्रश्न चिन्ह लगाया गया। इसमें असीम कुमार सामंतो निवासी थाना सरिया, जिला गिरिडी झारखण्ड सहित अन्य लोग शामिल हैं। खबर हटाने के एवज में पैसों की मांग के लिए आमने-सामने मिलने के दबाव बनाया।
डराने का प्रयास किया
असीम कुमार सामंतो द्वारा वाट्सअप के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो भेजकर डराने का प्रयास किया। कहा कि यदि आप चाहते है कि यह खबर भविष्य में ना चले तो आप हुबली कर्नाटक में एक घर और 50 प्रतिशत महीने सैलरी उस लडकी को दें । न देने पर इसी प्रकार से झूठी खबर को लगातार चलाने और प्रतिष्ठा को क्षति पहुँचाने की धमकी दी गयी। आपको जान से हाथ धोना पडेगा। असीम कुमार सामंतो द्वारा लगातार रेलवे में अवैध कार्यों में शामिल होकर आर्थिक लाभ हेतु दवाव बनाया जा रहा है।
अपराधियों का ठिकाना बना रेस्टरूम
आरपीएफ कमांडेंट को ब्लैकमेल करने वाली युवती रेलवे के ही रेस्ट रूम में ठहरी थी। इससे यह संकेत मिलता है कि रेलवे का रेस्ट रूम अपराधियों के लिए मुफीद और सुरक्षित ठिकाना बन गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरपीएफ और जीआरपी की टीम सुरक्षा के नजरिया से बेहद ही लचर है। वह अपने विभाग के ही एक वरिष्ठ अधिकारी पर आरोप लगाने वाली महिला पर शिकंजा करने की बजाय उसे रेस्ट रूम में रुकने की इजाजत दी थी।
