विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन में लगेज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, घर बैठे अतिरिक्त सामान बुक कराएं; IRCTC की वेबसाइट पर यूजर मैनुअल जारी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 01 Aug 2026 06:03 PM (IST)

भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए ट्रेन में अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू की है, जिसका विस्तृत यूजर ...और पढ़ें

ट्रेन में लगेज की ऑनलाइन बुकिंग का विस्तृत 'यूजर मैनुअल' भी आइआरसीटीसी वेबसाइट पर जारी।

ट्रेन में लगेज की ऑनलाइन बुकिंग का विस्तृत 'यूजर मैनुअल' भी आइआरसीटीसी वेबसाइट पर जारी।

HighLights

  1. ट्रेन यात्रा में पर्सनल लगेज ले जाने वाले यात्रियों को सुविधा

  2. स्टेशन के पार्सल काउंटर पर अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर

  3. थ्री-एसी, इकोनामी और एसी चेयरकार में पुराना नियम लागू

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ट्रेन यात्रा के दौरान अतिरिक्त सामान (पर्सनल लगेज) ले जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने ऑनलाइन लगेज बुकिंग की सुविधा आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग का विस्तृत 'यूजर मैनुअल' भी आइआरसीटीसी वेबसाइट पर जारी हो गया है।

कन्फर्म टिकट पर सामान पंजीकरण व भुगतान सुविधा 

अब यात्री स्टेशन के पार्सल काउंटर की कतारों में लगे बिना घर बैठे ही अपने कन्फर्म टिकट पर सामान का ऑनलाइन पंजीकरण और भुगतान कर सकेंगे। हालांकि थ्री-एसी, इकोनामी और एसी चेयर कार में पुराना ही नियम लागू रहेगा, यानी उसमें अधिक वजन की बुकिंग नहीं हो सकेगी। स्लीपर समेत अन्य श्रेणियों में यह सुविधा मिलेगी।

IRCTC के पोर्टल पर बुकिंग प्रक्रिया लाइव

संयुक्त निदेशक (पैसेंजर मार्केटिंग) रोहित कुमार ने बताया कि क्रिस और IRCTC ने इसके लिए पार्सल पोर्टल को आपस में जोड़कर पूरी प्रक्रिया लाइव कर दी है। अब आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर लागिन के बाद ट्रेन सेक्शन पर जाएं और लगेज बुकिंग विकल्प को चुने। यहां अपना 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी लें। मोबाइल पर आए ओटीपी, कैप्चा कोड और अपनी ईमेल आईडी दर्ज करके लागिन करें।

ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जान लें 

अपने कन्फर्म टिकट का 10 अंकों का पीएनआर नंबर दर्ज करें। एक आईडी प्रूफ का चयन कर उसका नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर आपकी यात्रा श्रेणी के अनुसार मिलने वाली 'फ्री अलाउंस' (मुफ्त सामान सीमा) दिखाई देगी। इसके बाद सामान का प्रकार (जैसे हार्ड पार्सल), कुल डिब्बों की संख्या और अतिरिक्त वजन (किलोग्राम में) भरें। सिस्टम अपने आप रेलवे भाड़ा और जीएसटी जोड़कर कुल शुल्क दिखा देगा। भुगतान करें और 'लगेज टिकट नंबर' जेनरेट हो जाएगा, जिसकी कापी आपकी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर पर एसएमएस के रूप में प्राप्त हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- लाखों रेलकर्मियों के लिए Good News : सुरक्षा से इतर छोटी गलतियों पर 'दुर्घटना रहित सेवा पुरस्कार' से नहीं होंगे वंचित

यह भी पढ़ें- RRB Recruitment : आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती को CBT की उत्तर कुंजी जारी, 7 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका