दुकान से साबुन लेकर घर जा रही 5 वर्षीय बालिका को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, चली गई जान; सड़क पर शव रख जताया विरोध
प्रयागराज के उतरांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बालिका सुनैना की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क ...और पढ़ें

प्रयागराज के उतरांव में बालिका की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग अवरुद्ध किया। जागरण
HighLights
प्रयागराज के गंगापार स्थित उतरांव थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा
दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को दौड़ाकर ग्रामीणों ने पकड़ा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम की जान चली गई। उतरांव क्षेत्र के खोदायपुर के मजरा कसिया का पूरा गांव में शनिवार सुबह पांच वर्षीय बालिका को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बालिका घर के पास दुकान से साबुन खरीदने गई थी।
ट्रक चालक पुलिस हिरासत में
कसिया का पूरा गांव निवासी लवकुश की पांच वर्षीय पुत्री सुनैना सुबह लगभग नौ बजे घर के बगल स्थित दुकान से साबुन खरीदकर घर आ रही थी। उसी समय जलालपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक उसे रौंदते हुए निकल गई। लोगों ने ट्रक का पीछे किया और सहसों में ट्रक को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची उतरांव पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।

शव रख मार्ग अवरुद्ध किया
आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों ने मार्ग को शव रख अवरुद्ध कर दिया। वे ट्रक मालिक को मौके पर बुलाने तथा आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उतरांव थाना पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि सुनैना एक भाई एक बहन में बड़ी थी। उसकी मौत से मां राजपती देवी सहित अन्य स्वजन के आंसू नहीं रुक रहे हैं। गांव में भी गमगीन माहौल है।