प्रयागराज में एक गैस एजेंसी में लटका ताला, रसोई गैस सिलेंडर को लेकर हजारों उपभोक्ता परेशान
प्रयागराज में चंद्रलोक चौराहे के पास एक गैस एजेंसी में ताला लगने से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सिल ...और पढ़ें

प्रयागराज में एक गैस एजेंसी बंद होने से इससे जुड़े उपभोक्ताओं में सिलेंडर की किल्लत हो गई है।
HighLights
गैस एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी
आसपास की एजेंसियों से ग्राहकों को जोड़ा जा रहा है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। घरेलू गैस सिलिंडर की उत्पन्न परेशानी के बीच हजारों उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। चंद्रलोक चौराहे के समीप एक गैस एजेंसी में ताला लग गया है। कंपनी द्वारा एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता परेशान
एक तरफ यह सब चल रहा है तो दूसरी तरफ एजेंसी से जुड़े लोग गैस सिलिंडर के लिए परेशान हैं। वह इधर-उधर की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। लोगों की परेशानी को देखते हुए एजेंसी से जुड़े ग्राहकों काे आसपास की गैस एजेंसियों में जोड़ने की तैयारी की जा रही है, ताकि परेशान लोगों को राहत मिल सके।
चंद्रलोक चौराहे के समीप है गैस एजेंसी
चंद्रलोक चौराहे के समीप स्थित एक गैस एजेंसी में कई दिनों से गैस सिलिंडर के लिए मारामारी मची थी। बुकिंग के बाद लोगों के मोबाइल पर डीएसी नंबर आने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। केवाईसी भी नहीं हो पा रही थी। लगातार यहां लोगों की भारी भीड़ जुट रही थी। एजेंसी संचालक ने स्थिति को संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन लड़खड़ाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। मामले की जानकारी इंडियन आयल के अधिकारियों को मिली तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
एजेंसी के कर्मचारियों का मोबाइल नंबर बंद
इधर करीब चार दिन पहले गैस एजेंसी का जब ताला नहीं खुला तो लोगों ने कर्मचारियों के मोबाइल पर फोन लगाया, लेकिन सभी का नंबर स्विच आफ मिला। इससे लोगों को समझते देर नहीं लगी कि कुछ गड़बड़ है। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने गैस एजेंसी के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसका संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
उपभोक्ता बोले- पता नहीं कब मिलेगा सिलेंडर
उधर, एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता रवि जायसवाल, सुशील कुमार, नितिन प्रजापति, अनूप मजूमदार का कहना है कि एजेंसी में तो ताला लटक रहा है। अब उन्हें गैस सिलेंडर कहां से मिलेगा, यह समझ में नहीं आ रहा है। वहीं, जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसी स्थिति में कंपनी द्वारा आसपास की एजेंसियों की मदद ली जाती है। गैस सिलिंडर लोगों को मिले, इसके लिए वहां ग्राहकों को समायोजित किया जाता है।
रात से कतार, सुबह मिल रहा सिलेंडर
बाघंबरी रोड, मीरापुर समेत कई जगह पर देर रात एक बजे से ही एजेंसियों के बाहर लोगों की गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन लग रही है। सुबह एजेंसी खुलते ही एक-एक कर सभी को नंबर दिया जाता है। जैसे ही गैस सिलिंडर लदा वाहन आता है और लोग तेजी से सिलेंडर लेने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इसमें से कई ऐसे होते हैं, जिनको घंटों लाइन लगाने के बाद भी नहीं मिल पाता।
केवाईसी न कराने वालों के सामने दिक्कत
आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फडरेशन प्रयागराज मंडल के महामंत्री मोहित मिश्र का कहना है कि बैकलाग अब तेजी से नीचे आ रहा है। केवाईसी न कराने वालों के सामने दिक्कत है। जिन लोगों की केवाईसी हो जा रही है, उनकी तत्काल बुकिंग स्वीकार हो रही है और सिलिंडर भी मिल रहा है।