विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में CMO का बंगला CDO को देने की तैयारी, डॉक्टरों ने जताया विरोध; प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ भी पक्ष में उतरा

By Amerdeep Bhatt Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 05 Sep 2026 02:31 PM (IST)

प्रयागराज में सीएमओ का बंगला सीडीओ को आवंटित करने की तैयारी पर डॉक्टरों ने विरोध जताया है। प्रांतीय चिकित्सा सेवा ...और पढ़ें

सीएमओ से बंगला खाली न कराने की मांग को लेकर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की अध्यक्ष डॉ. अंकिता पांडेय ने प्रयागराज के डीएम को ज्ञापन सौंपा। सौ. संघ

सीएमओ से बंगला खाली न कराने की मांग को लेकर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की अध्यक्ष डॉ. अंकिता पांडेय ने प्रयागराज के डीएम को ज्ञापन सौंपा। सौ. संघ

HighLights

  1. संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर मांग की- सीएमओ इसी बंगले में रहें

  2. प्रयागराज में एमजी रोड पर है सीएमओ बंगला, सर्किट हाउस के पास छोटा फ्लैट देने की तैयारी है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के बंगले को लेकर हड़कंप मच गया है। महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित बंगला मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को देने की प्रशासनिक तैयारी की जा रही है। जबकि सीएमओ को सर्किट हाउस के पास काफी कम क्षेत्रफल वाला फ्लैट देने पर विचार किया जा रहा है। 

कहा- सीएमओ को अन्यत्र बंगला न दिया जाए 

इससे प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ अपने सर्वोच्च अधिकारी के पक्ष में आ गया है। अन्य संगठनों के डॉक्टरों में भी आक्रोश पनप रहा है। शनिवार को संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को सौंपा। कहा कि सीएमओ का बंगला जहां है वहीं रहने दिया जाए।

30 वर्षों से सीएमओ के लिए आवंटित है यह बंगला 

एमजी मार्ग पर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय मोड़ के पास वर्तमान सीएमओ डॉ. एके तिवारी का बंगला है। सीएमओ के लिए यह बंगला आवंटित हुए 30 साल से अधिक हो चुके हैं। इसमें सीएमओ रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन इस तैयारी में है कि यह बंगला सीडीओ को दे दिया जाए, जबकि सीएमओ को सर्किट हाउस के पास सरकारी फ्लैट में भेजा जाएगा।

बंगला खाली कराना अनुचित बताया

इस संबंध में डॉक्टरों ने विरोध जताना शुरू कर दिया है। संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष डॉ. अंकिता पांडेय, महामंत्री डॉ. अनुपम द्विवेदी, उपाध्यक्ष डॉ. अंकित राजा, डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ. जीतेंद्र कुमार सिंह, डॉ. नीरज पटेल आदि ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सर्वोच्च अधिकारी से बंगला खाली कराया जाना अनुचित है। 

...इसलिए हो रहा बंगले में बदलाव

दो अधिकारियों के बंगले में बदलाव की वजह स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय को विस्तार देने और उच्चीकरण के लिए मिली अतिरिक्त जमीन है। दरअसल पूल्ड हाउस की काफी बड़ी जमीन एसआरएन चिकित्सालय के हक में लीज पर मिल गई है। यह कदम शासनादेश पर उठाया गया है। इसी पूल्ड हाउस पर कई सरकारी बंगले हैं, जिनमें सीडीओ का बंगला भी एमजी मार्ग पर है। इन बंगलों को ध्वस्त कर जमीन पूरी तरह से खाली कराया जाना है। यहां से अधिकारियों को दूसरी जगह आवास दिए जाने हैं इसलिए सीडीओ के लिए सीएमओ का बंगला तय किया गया है।

छह सितंबर को एकजुट होंगे डॉक्टर

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एल्युमिनाई सभागार में छह सितंबर को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की बैठक सुबह 9.30 बजे से होगी। इसमें जनपद के समस्त डॉक्टरों से शामिल होने का आह्वान किया गया है। संघ का कहना है कि सीएमओ का आवास नहीं छीना जाए, इसलिए इसके लिए डॉक्टरों की एक बड़ी ताकत जुटानी होगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज की चारों SOG भंग, ड्रग पकड़ने में यहां की पुलिस फेल; मुंबई क्राइम ब्रांच ने करोड़ों की MD Drug पकड़ी थी

यह भी पढ़ें- बेरोजगार युवक से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, बंधक बनाकर तीन लाख वसूले; जेवरात गिरवी रखकर दिए रुपये