प्रयागराज में ड्रमों और जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई करोड़ों की नकदी मिली, नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई
प्रयागराज के नवाबगंज में पुलिस ने राजेश यादव के घर छापा मारकर ड्रमों और जमीन में छिपाई करोड़ों की नकदी ...और पढ़ें

नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस रेड में छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपये बरामद हुए।
HighLights
प्रयागराज पुलिस की छापेमारी में खुली पोल , ग्रामीणों का दावा- 60 करोड़ मिले
मुंबई से लौटने के बाद खरीदी थी कई जमीन, पुलिस ने रकम की पुष्टि नहीं की
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में 28 अक्टूबर की शाम पुलिस ने राजेश यादव उर्फ बबलू के घर छापा मारा तो भारी मात्रा में नकदी मिलने से हलचल मच गई। रुपये प्लास्टिक के तीन ड्रमों और जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए थे। नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई। ग्रामीण करीब 60 करोड़ रुपये मिलने का दावा कर रहे हैं, हालांकि पुलिस ने बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नवाबगंज के बरईपुर निवासी राजेश के घर मिले रुपये
पुलिस के अनुसार, दीपावली के मद्देनजर नकबजनी करने वालों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान नवाबगंज के बरईपुर गांव निवासी राजेश के घर में भारी नकदी रखे होने की सूचना मिली। इसके बाद नवाबगंज पुलिस ने मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नोट मिलने पर गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई।
पांच वर्ष पूर्व मुंबई से लौटा था
ग्रामीणों के मुताबिक, राजेश करीब 15 वर्ष पहले मुंबई गया था। वहां एक कंपनी में काम करने की बात बताता था। लगभग पांच वर्ष पहले गांव लौटने के बाद उसने कई स्थानों पर जमीन खरीदी। उसने ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप वाहन भी खरीदे तथा दूसरे गांव में शानदार मकान बनवाया। घर से मिली नकदी की मात्रा और उसके स्रोत को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
डीसीपी गंगानगर बोले- पुलिस जांच जारी
हालांकि, 60 करोड़ रुपये मिलने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि नकबजनी के विरुद्ध अभियान के तहत एक व्यक्ति के घर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।