जल जीवन मिशन : पानी टंकी निर्माण, पाइप बिछाने व नल कनेक्शन में लापरवाही, प्रयागराज DM ने रिपोर्ट तलब की
प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण, पाइप बिछाने और नल कनेक्शन में लापरवाही पर थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी से र ...और पढ़ें

जल जीवन मिशन में लापरवाही पर प्रयागराज के डीएम ने सख्त कदम उठाया है।
HighLights
लापरवाही पर र्थ पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी की रिपोर्ट जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मांगी है
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा में खोदी सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जनपद में पानी की टंकियों के निर्माण, पाइप लाइन बिछाने और नल के कनेक्शन में की जा रही लापरवाही पर थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी की रिपोर्ट को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तलब किया है। दरअसल, जल निगम के अफसरों तथा कर्मियों की ओर से तो लापरवाही की गई है, थर्ड पार्टी ने भी सटीक रिपोर्ट नहीं दिया है। डीएम ने नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा- खोदी गई सड़कें शीघ्र बनवाएं
संगम सभागार में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा में डीएम ने कार्यदायी संस्था को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि योजना के कार्यों के लिए जिन सड़कों की खोदाई हुई है, उनके पुर्ननिर्माण का कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई और सड़कों का पुर्ननिर्माण नहीं पाया गया तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं एवं डीपीआरओ को सड़कों के पुर्ननिर्माण कार्य का सत्यापन कराते हुए रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
पानी टंकी निर्माण कार्य बेहद पिछड़ा
जिले में 528 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं, जिनके कार्य बेहद पीछे हैं। इस पर डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब देरी हुई तो कार्रवाई तय है। मैन पावर व वर्क आवर बढ़ाने को कहा। जल सारथी एप को अभियान चलाकर डाउनलोड कराने को कहा। कार्यदायी संस्था को शीघ्र कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि टंकियों के निर्माण कार्य का वह भी निरीक्षण करें और रिपोर्ट दें। सीडीओ हर्षिका सिंह, एडीएम नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य, डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी, उपायुक्त श्रम रोजगार गुलाबचंद्र भी मौजूद रहे।