प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन अब दादरी के लिए 17 मई से नियमित चलेगी, समय व स्टेशन बदला है, दिल्ली जाने वालों को सुविधा
प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेन अब प्रयागराज जंक्शन से रात 9 बजे दादरी के लिए रवाना होगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट म ...और पढ़ें

प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेन अब दादरी के लिए रात 9 बजे जंक्शन से रवाना होगी।
HighLights
प्रयागराज से दादरी विशेष ट्रेन का संचालन 17 मई से नियमित हो जाएगा
दिल्ली के निकट गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जाना होगा आसान
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगर आप भी प्रयागराज से दिल्ली के बीच यात्रा करने की योजना बना रहे हैं और 'रिग्रेट' के कारण कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन के रूप में प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन का संचालन अब प्रयागराज जंक्शन से रात में नौ बजे से करने का निर्णय लिया है।
अभी यह ट्रेन रात आठ बजे चल रही थी
नए समय का ट्रायल भी 14 मई को कर लिया जाएगा। अभी तक यह रात में आठ बजे चलाई जा रही थी। हालांकि इससे प्रयागराज एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ का दबाव कम नहीं हो रहा था। इसके चलते नया बदलाव लागू कर दिया गया है। वैसे इसे 16 मई तक रीशेड्यूल के रूप में दर्शाया जाएगा, भीड़ का आकलन करने के बाद 17 मई से इसका रात नौ बजे से नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।
सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से होती थी रवाना
पिछले दिनों इस स्पेशल ट्रेन का प्रस्थान और आगमन सूबेदारगंज के बजाय प्रयागराज जंक्शन कर दिया गया था। नए बदलाव से अब गाड़ी संख्या 02417 (प्रयागराज से दादरी) विशेष ट्रेन प्रत्येक रात नौ बजे प्रयागराज जंक्शन से रवाना होगी। रास्ते में सिराथू, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़ और खुर्जा स्टेशनों पर रुकते हुए यह अगले दिन सुबह 7:15 बजे दादरी पहुंचेगी।
कन्फर्म सीट को लेकर कम होगी मारामारी
गाड़ी संख्या 02418 (दादरी से प्रयागराज) वापसी में यह ट्रेन दादरी से रात 10:15 बजे खुलेगी और सुबह नौ बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे के इस निर्णय से उन यात्रियों को काफी सुविधा होगी जो प्रयागराज एक्सप्रेस या हमसफर जैसी ट्रेनों में कन्फर्म सीट न मिलने के कारण परेशान रहते थे। इस बदलाव का सीधा फायदा उन यात्रियों को होगा जो गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आवागमन करना चाहते हैं।