Prayagraj Flood : बेलन नदी के बाढ़ से भारी तबाही, पुलों के टूटने से UP-MP के कई गांवों का संपर्क टूटा
प्रयागराज में बेलन नदी की बाढ़ से कोरांव क्षेत्र में भारी तबाही हुई है, जिससे पुलों के टूटने के कारण ...और पढ़ें

प्रयागराज में यमुनापार के मांडा के देवरी स्थित गुलरिया डैम के पास टूटी पुलिया से आवागमन करते ग्रामीण। जागरण
HighLights
यमुनापार के कोरांव में पुल-पुलिया व रपटा टूटने से 35 गांवों के लोगों को दिक्कत
कई मार्ग क्षतिग्रस्त, 300 से ज्यादा घर हो गए जमींदोज, जन और पशु हानि भी हुई
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Prayagraj Flood बेलन नदी में आई बाढ़ से जनपद के यमुनापार स्थित कोरांव क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। कई पुलों, पुलिया व रपटा के क्षतिग्रस्त होने से सिर्फ तहसील क्षेत्र के गांव ही नहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के भी कई गांवों का संपर्क टूट गया है। तहसील प्रशासन ने जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराने के लिए पत्र भेजा है।
देवघाट पुल क्षतिग्रस्त, आवागमन रोका गया
बाढ़ और बारिश से कोरांव में देवघाट पुल, भोगन रपटा, एवं हरदिहा भगवानपुर रपटा पर कई दिन तक पानी भरा था। देवघाट गांव के मजरा नई बस्ती के चारो ओर पानी घिर गया था, जिसका अब भी संपर्क टूटा है। यहां बीच में नाला है, जिसकी पुलिया काफी नीचे है। इस पर पुल बनाने के लिए तहसील प्रशासन ने डीएम को पत्र भेजा है। देवघाट पुल अत्यधिक बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसका निरीक्षण पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता ने किया है। इस पर आवागमन रोक दिया गया है।

हाटा के निकट पुल-सड़क क्षतिग्रस्त
यहां पुलिस के माध्यम से बैरिकेडिंग करा दी गई है। इस पुल की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता जताई गई है। सोनबरसा धनावल रोड हाटा के पास पुल और सड़क पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पुल पर भी आवागमन प्रभावित है। पूरादत्तू गांव से कल्याणपुर मार्ग पर निर्मित कच्ची सड़क में पड़ी पाइप अत्यधिक तेज पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हो गई है। मिट्टी का कटान होने के कारण आवागमन बाधित है।
बांसघाट में पुलिया टूटने से आवागमन बंद
Prayagraj Flood बांसघाट गांव में पुलिया टूटने से आवागमन बंद है। भगेसर में मैलहा-भगेसर संपर्क मार्ग में तेज बहाव होने के कारण पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आवागमन बाधित है। इस पुलिया व सड़क की भी शीघ्र मरम्मत की जरुरत है। एसडीएम कोरांव टी.प्रसाद ने इस बाबत डीएम के साथ अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड को भी पत्र भेजा है।
