स्कूल से घर जा रही सात वर्षीय बालिका को बदमाश ने झाड़ी में खींचा, ग्रामीणों ने दबोचा और जमकर की पिटाई
प्रयागराज के फूलपुर में स्कूल से घर जा रही सात वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बच्ची को बदमाश के चंगुल से छुड़ाकर उसे पीटा और प ...और पढ़ें

प्रयागराज के फूलपुर इलाके में बालिका के अपहरण का प्रयास करने वाला पकड़ा गया।
HighLights
बालिका के अपहरण का प्रयास करने वाला वाराणसी जनपद का रहने वाला है
प्रयागराज के फूलपुर इलाके की घटना, हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
संसू, उग्रसेनपुर (प्रयागराज)। गंगापार में फूलपुर क्षेत्र के लोढ़ीडीह गांव में एक बदमाश ने सात वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास किया। आरोप है कि निजी स्कूल में पढ़ने वाली बच्ची छुट्टी होने पर बाहर निकल कुछ दूर पहुंची तभी वाराणसी के रहने वाले इस बदमाश ने उसे पकड़ा और झाड़ियों में खींच ले गया। बालिका के चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने उसे सकुशल बरामद करते हुए आरोपित को दबोचकर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
देर तक घर न पहुंचने पर बच्ची को स्वजन ढूंढने लगे
बताया गया कि बच्ची प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में छुट्टी होने पर वह स्कूल से निकलकर घर जा रही थी। उसी समय सुनसान इलाके में उसे युवक ने पकड़ा और झाड़ी में खींच ले गया। उधर, बच्ची देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग घबरा गए और तलाश शुरू की। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों ने बदमाश के चंगुल से छुड़ाया
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग बालिका की तलाश में जुट गए। स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों, बागों और सुनसान स्थानों पर खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बच्ची की चीख सुनकर लोग गांव के बाहर झाड़ी की तरफ गए तो देखा कि बदमाश ने बच्ची को पकड़ रखा था। लोगों ने बच्ची को उसकी चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद लोगों ने बदमाश की जमकर पिटाई की।
बालिका का मेडिकल परीक्षण
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आरोपित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अपहरण से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है कि वह वाराणसी में कहां का रहने वाला है? बच्ची को पकड़कर ले जाने के पीछे उसका इरादा क्या था? पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी वह बार-बार अपना नाम व पता भी बदल रहा है।