20 हजार रुपये के शराब संग तस्कर गिरफ्तार, प्रयागराज छिवकी स्टेशन से ट्रेन से बिहार जाने की फिराक में था
प्रयागराज में जीआरपी ने एक शराब तस्कर को 20 हजार रुपये की अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। वह यूपी से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार में ऊंचे दामों पर ...और पढ़ें

प्रयागराज जीआरपी की गिरफ्त में शराब तस्कर। सौजन्य : जीआरपी
HighLights
यूपी की शराब को बिहार में अधिक दाम में बेचने का धंधा करता था
नैनी में अरैल निवासी आरोपित से जीआरपी ने पूछताछ के बाद भेजा जेल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद से पड़ोसी राज्यों से तस्करी का धंधा जोरों पर है। इसी कड़ी में जीआरपी प्रयागराज की टीम ने एक शराब तस्कर को शराब के साथ गिरफ्तार किया। वह यूपी की अंग्रेजी शराब को ट्रेन से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने के अवैध काले कारोबार में लिप्त था।
सात जुलाई की सुबह 11.20 बजे रेलवे स्टेशन छिवकी के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो एक काला पिट्ठू बैग लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। टीम को देख उसने वहां से खिसकने की कोशिश की। संदेह पर टीम ने उसे पकड़ा और बैग की तलाशी ली।
बैग में अंग्रेजी शराब की 13 बोतलें और 9 अद्धा/पौवा बरामद हुए। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20,000 रुपये बताई गई। बोतलों पर फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली (केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए) लिखा हुआ था। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपनी पहचान 45 वर्षीय अभय बागची उर्फ अभय बागची निवासी ग्राम उत्तरी लोकपुर, अरैल रोड नैनी प्रयागराज के रूप में की।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित ने कबूल किया कि वह उत्तर प्रदेश से कम दामों में शराब खरीदता था और चेकिंग से बचने के लिए उसे साधारण पिट्ठू बैग में छिपाकर ट्रेनों से बिहार प्रांत पहुंचाता था। बिहार में शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध है, इसलिए वहां इस शराब को ऊंचे और मनमाने दामों पर बेचकर वह अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमाता था।
खबरें और भी
टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामकरन सिंह (प्रभारी चौकी जीआरपी छिवकी) के साथ हेड कांस्टेबल राममूरत, इसराफिल अहमद, अमित कुमार और आरपीएफ पोस्ट छिवकी के कांस्टेबल विजय शंकर यादव शामिल रहे। जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। साथ ही शराब तस्करी के रैकेट के अन्य कड़ियों की तलाश कर रही है।