संगम नगरी से खाटू श्याम के लिए 10 अगस्त से चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को आसानी से मिल जाएगी सीट
प्रयागराज से खाटू श्याम (सीकर) के लिए 10 अगस्त से 1 दिसंबर तक एक साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलेगी, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी ...और पढ़ें

प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन से खाटू श्याम जा सकेंगे।
HighLights
साप्ताहिक ट्रेन से आगरा, मथुरा, दौसा जयपुर भी जा सकेंगे
प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 17 फेरे लगाएगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए प्रयागराज से राजस्थान के बीच अब ट्रेन से आवागमन और आसान होगा। रेल प्रशासन ने प्रयागराज और रींगस (श्री खाटू श्याम जी) के मध्य यात्रियों तथा श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए एक नई स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
10 अगस्त से 1 दिसंबर तक चलेगी ट्रेन
04161/04162 प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन कुल 17 फेरों के लिए चलाई जाएगी। प्रयागराज से यह ट्रेन 10 अगस्त से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार शाम 510 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे सीकर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में सीकर से 04162 प्रत्येक मंगलवार (11 अगस्त से एक दिसंबर) दोपहर 15:25 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 08:50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इन स्टेशनों से होकर जाएगी ट्रेन
यह विशेष ट्रेन न केवल संगम नगरी को बाबा खाटू श्याम के प्रसिद्ध धाम से सीधा जोड़ेगी, बल्कि मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को भी कवर करेगी। यात्री इस सेवा के माध्यम से संगम नगरी से पनकी धाम (कानपुर), ताजमहल व गोवर्धन (आगरा-मथुरा), मेहंदीपुर बालाजी (दौसा), जयपुर के ऐतिहासिक किलों और शेखावाटी की प्रसिद्ध हवेलियों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
इन स्टेशनों पर ट्रेन का होगा ठहराव
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि 20 कोच वाली इस ट्रेन में एक एसी-थ्री टियर, 10 स्लीपर, सात सामान्य और दो एसएलआर डिब्बे रहेंगे। यात्रा के दौरान यह ट्रेन भरवारी, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर और रींगस जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी।