पत्नी को भाभी बताकर प्रेमिका से की कोर्ट मैरिज, पता चलने पर हाईवे पर घंटों किया हंगामा व मारपीट
प्रयागराज में एक युवक ने अपनी पत्नी को भाभी बताकर प्रेमिका से कोर्ट मैरिज कर ली। सच्चाई सामने आने पर हाईवे पर पत्नी, प्रेमिका और युवक के बीच जमकर हंगा ...और पढ़ें

दोहरी जिंदगी जीने वाले युवक की पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच प्रयागराज में हंगामा हुआ।
HighLights
प्रयागराज में यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र में हुई घटना
तीनों को थाने ले गई पुलिस, युवक का शांतिभंग में चालान
संसू, जागरण, घूरपुर (प्रयागराज)। घूरपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर गांव के सामने प्रयागराज-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय खलबली मच गई, जब एक युवक व उसकी पत्नी और प्रेमिका आपस में भिड़ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची घूरपुर पुलिस तीनों को थाने ले आई। पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
नैनी क्षेत्र की रहने वाली है युवती
नैनी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने घूरपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि नैनी क्षेत्र के ही एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया। नौ मार्च को कोर्ट मैरिज की। युवती का कहना है कि कोर्ट मैरिज के बाद युवक उसे घूरपुर के गौहनिया स्थित एक किराये के कमरे में लेकर रहता था।
किराए के घर में अक्सर आती थी महिला
प्रेमिका के अनुसार गौहनिया स्थित कमरे पर एक महिला अक्सर आती थी, जिसे युवक अपनी भाभी बताकर मिलवाता था। आरोप है कि रविवार सुबह वही महिला गौहनिया पहुंची और युवती से कहा कि वह उसके साथ चाका स्थित घर चले, जहां दोनों बहनों की तरह साथ रहेंगी।
जिसे भाभी बताया, वह युवक की पत्नी निकली
युवती का आरोप है कि इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि जिसे उसका पति अपनी भाभी बताता था, वह उसकी पहली पत्नी है। इसके बाद युवक अपनी पत्नी के साथ गौहनिया से चाका के लिए निकला। इसी बीच दांदूपुर गांव के सामने हाईवे पर पहले से मौजूद प्रेमिका और उसकी मां ने दोनों को रोक लिया। प्रेमिका और युवक की पहली पत्नी के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।
खबरें और भी
युवक का शांतिभंग, जांच कर रही पुलिस
कुछ ही देर में मारपीट होने लगी। हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची घूरपुर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और युवक, उसकी पहली पत्नी व प्रेमिका को थाने ले आई। थाना प्रभारी घूरपुर अतुल मिश्रा ने बताया कि युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।