प्रयागराज : 22 दिन पूर्व छोटे भाई की और अब युवक की लटकती मिली लाश, 8 घंटे चला हंगामा; सपा विधायक पर हत्या का मुकदमा
प्रयागराज के हंडिया में 35 वर्षीय सुशील कुमार फंदे से लटका मिला। 22 दिन पहले उनके छोटे भाई की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। परिवार ने जमीन व ...और पढ़ें

प्रयागराज में हंडिया क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीथा गांव में युवक की संदिग्ध मौत के बाद आक्रोशित लोगों को समझाती पुलिस। जागरण
HighLights
आक्रोशित परिवार के सदस्यों ने नहीं उठने दिया युवक का शव
डीसीपी गंगानगर के समझाने पर शांत हुए लोग, हंडिया का मामला
हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद पर केस, चार अन्य लोग नामजद
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के हंडिया थानांतर्गत बनपुरवा सरायपीथा गांव में 35 वर्षीय सुशील कुमार की शुक्रवार सुबह घर में फंदे से लटकती लाश मिली तो हंगामा हो गया। सपा के हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कोशिश की तो आक्रोश का सामना करना पड़ा।
सुबह आठ से शाम चार बजे तक चला हंगामा
इंस्पेक्टर, एसीपी समेत तहसील के अधिकारियों से वार्ता से इन्कार कर दिया। बाद में डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों से बातचीत कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया, तब सुबह आठ बजे से चल रहा हंगामा शाम चार बजे शांत हुआ। इसके बाद मृतक के भाई सुनील कुमार व मां लालती की संयुक्त तहरीर पर हंडिया थाने में विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच के खिलाफ हत्या समेत तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
11 जून को छोटे भाई की लटकती मिली थी लाश
बनपुरवा सरायपीथा गांव निवासी सुशील कुमार किसान थे। 11 जून को उनके छोटे भाई संतोष कुमार की मौत हो गई थी। संतोष की लाश गांव के बाहर नीम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकती मिली थी। उस समय भी घरवालों ने जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
अब सुशील का शव फंदे से लटकता मिला
गुरुवार रात घरवालों के साथ खाना खाने के बाद सुशील कुमार कमरे में सोने चले गए। शुक्रवार सुबह पत्नी ज्ञानवती, पुत्र शिवांश, दिव्यांश व पुत्री करिश्मा सो कर उठे तो सुशील का शव गमछे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह देखकर स्वजन बिलखने लगे। चीख पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
खबरें और भी
हंडिया इंस्पेक्टर को देख भड़के लोग
सुबह करीब आठ बजे हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने इंस्पेक्टर अनूप सरोज को भगा दिया। उच्चाधिकारियों को जानकारी मिली तो एसीपी हंडिया, फूलपुर के साथ ही एसडीएम समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की बात कही तो लोग भड़क गए।
इन लोगों पर हत्या का आरोप
जमीन के विवाद को लेकर सुशील कुमार को मारकर फंदे से लटकाने का आरोप हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, गायिका सुमित्रा नंदनी निवासी सैदाबाद, उसके भाई अमित गौतम, सेवना की रहने वाली गौरी और उसके जीजा संजय गौतम पर लगाया। दोपहर में डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत मौके पर पहुंचे। आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद मृतक के भाई सुनील कुमार व मां लालती ने तहरीर दी। इसमें विधायक हाकिम लाल बिंद के इशारे पर संतोष की हत्या का आरोप लगाया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेगी मौत का खुलासा
एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधायक हाकिम लाल बिंद, गायिका सुमित्रा नंदनी, अमित गौतम, गौरी व संजय गौतम के खिलाफ हत्या समेत तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सुशील को मारकर फंदे से लटकाया गया या नहीं, यह स्पष्ट हो जाएगा।