प्रयागराज: लगातार बारिश से यमुनापार में कोरांव और मेजा की 77 सड़कें क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल
प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कोरांव और मेजा की कुल 77 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, ...और पढ़ें

प्रयागराज के कोरांव में सड़क का अस्तित्व ही खत्म हो गया है। जागरण
HighLights
कोरांव में 50 और मेजा में 27 सड़कें बारिश की भेंट चढ़ीं
लोनिवि प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की मरम्मत कराएगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बरसात के इस सीजन में लगातार बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। यमुनापार में कोरांव और मेजा क्षेत्र में बारिश के कारण 77 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इनमें कोरांव की 50 और मेजा की 27 सड़कें शामिल हैं। कई स्थानों पर सड़कें बह जाने और जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों को गांव से मुख्य मार्ग तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण कोरांव क्षेत्र में सबसे अधिक सड़कें प्रभावित हुई हैं। इन सड़कों का निर्माण एक से दो वर्ष पहले करोड़ों रुपये खर्च करके किया गया था। कई गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की स्थिति खराब हो गई है।
कहीं सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है तो कहीं पानी के तेज बहाव में सड़क का हिस्सा बह गया है। इससे दोपहिया और छोटे वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। मेजा क्षेत्र में भी 27 सड़कें बारिश से क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई संपर्क मार्गों पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। कुछ मार्गों पर सड़क के किनारे का हिस्सा कट जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता पीके राय ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित स्तर पर प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। बारिश का पानी कम होने के बाद क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाएगी।
