प्रयागराज में तेजी से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, गंगा के पानी में भी हो रही वृद्धि; टोंस नदी में नाव डूबी पर जनहानि नहीं
प्रयागराज में यमुना और गंगा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, पिछले 24 घंटों में यमुना में 88 सेमी और गंगा में 32 सेमी की वृद्धि दर्ज की गई है। बुं ...और पढ़ें

प्रयागराज में यमुना का जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि। जागरण
HighLights
पिछले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर 88 सेमी व गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 32 सेमी बढ़ा
बुंदेलखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान में हो रही बारिश से यमुना का तेजी से बढ़ रहा जलस्तर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बुंदेलखंड व मध्य प्रदेश और राजस्थान में हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। मध्य प्रदेश में बरसात के कारण वहां की केन और बेतवा नदियों का पानी यमुना में आ रहा है। इसी तरह बुंदेलखंड की नदियों तथा राजस्थान की नदियों का भी पानी यमुना में आ रहा है। इसके चलते ही प्रयागराज में यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है।
यमुना का जलस्तर 73.36, गंगा का 76.65 मी. पहुंचा
पिछले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर 88 सेमी तो 48 घंटे में 130 सेमी बढ़ा है। सोमवार को यमुना का जलस्तर 73.36 मीटर पर रहा। गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 32 सेमी बढ़ा है। आज 13 जुलाई को गंगा का जलस्तर 76.65 मीटर पर रहा। प्रशासन की ओर से तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं।
करछना में टोंस में डूबी नाव, जनहानि नहीं
यमुनापार में करछना क्षेत्र के पनासा गांव स्थित टोंस नदी में नाव डूब गई है। कोई जनहानि नहीं है। टोंस के साथ ही बेलन, टुड़ियारी, गोरमा नदियों का भी तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। इन नदियों का पिछले तीन दिनों से जलस्तर बढ़ रहा है।
गंगा-यमुना का जलस्तर अभी और बढ़ेगा
एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि खतरे के निशान से जलस्तर अभी काफी नीचे है। फिलहाल, तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, संगम समेत अन्य घाटों से नाविक अपनी नावों को तो तीर्थ पुरोहित अपने तख्त सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं। सिंचाई विभाग बाढ़ प्रखंड के अनुसार दोनों नदियों का जलस्तर अभी और बढ़ने की उम्मीद है।