तीन दिन में 7 लोगों को काटने वाले कुत्ते को 'सजाए मौत', लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला; शव पेड़ से उल्टा लटकाया
प्रयागराज के खीरी क्षेत्र में ग्रामीणों ने तीन दिन में सात लोगों को काटने वाले एक आवारा कुत्ते को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। क्रूरता की पराकाष्ठा द ...और पढ़ें
HighLights
प्रयागराज में यमुनापार के खीरी क्षेत्र में में हैरान करने वाली दर्दनाक घटना
पाठकपुर के ग्रामीणों में आवारा कुत्ते का खौफ था, बच्चों को स्कूल नहीं भेजा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जनपद में पशु क्रूरता की पराकाष्ठा दिखी। क्रूर ग्रामीणों ने बेरहमी से एक कुत्ते को दर्दनाक मौत दी। इतना ही नहीं जान लेने के बाद उसके शव का तमाशा भी बनाया। यह हैरान करने वाली घटना यमुनापार के खीरी थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव की है।
कुत्ते पर ईंट-पत्थर भी बरसाए गए
पाठकपुर गांव में सोमवार यानी 20 जुलाई की रात एक कुत्ते को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर कुछ ग्रामीणों ने मार डाला। उसे गांव के बाहर तालाब के किनारे पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया। मंगलवार सुबह गांव के अन्य लोग तालाब की तरफ गए थे तो मृत कुत्ते को उल्टा लटका देख हतप्रभ रह गए।
सात लोगों को काटकर घायल कर चुका था कुत्ता
पाठकपुर गांव में तीन दिन पहले एक आवारा कुत्ते ने सात लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। 20 जुलाई को गांव के किसी भी व्यक्ति ने अपने बच्चे को स्कूल नहीं भेजा। दिनभर आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण कुत्ते को तलाशते रहे।
मौत के बाद शव लटकाया
रात करीब नौ बजे गांव के बाहर तालाब के पास ग्रामीणों को कुत्ता दिखाई पड़ा तो उसे घेरकर पहले ईंट- पत्थरों से मारा गया। इसके बाद लाठी-डंडा से पीट-पीटकर उसे मार डाला गया। मरने के बाद उसके शव को पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में यही एक कुत्ता था जिसने तीन दिन पहले सात लोगों को काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।