वाराणसी-कानपुर NH पर बड़ा हादसा टला, आपस में टकराए तीन ट्रक व दो में लगी भीषण आग; धमाके से बचा पेट्रोल पंप
प्रयागराज के सोरांव में वाराणसी-कानपुर NH पर तीन ट्रकों की टक्कर के बाद दो में भीषण आग लग गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवा ...और पढ़ें

वाराणसी-कानपुर NH पर प्रयागराज के सोरांव में धू-धूकर जलता ट्रक। जागरण
HighLights
प्रयागराज के सोरांव में कार को बचाने के प्रयास में हादसा
ट्रकों के चालक व खलासी सुरक्षित, वाहन पर लदा सामान जला
पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा खतरा
संसू, जागरण, सोरांव (प्रयागराज)। वाराणसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। गंगापार में सोरांव थाना क्षेत्र के कुरगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर तीन ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो ट्रकों में भीषण आग लग गई और लपटें आसमान छूने लगी।
हालांकि पुलिस व स्थानीय लोगों की सक्रियता से तीनों वाहनों के चालकों व खलासियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं फायर ब्रिगेड कर्मी भी तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे पास स्थित पेट्रोल पंप तक आग नहीं पहुंच सकी और बड़ा हादसा टल गया।
दोपहर एक ट्रक वाराणसी से कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कुरगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी अचानक उसके सामने एक अर्टिगा कार आ गई। कार को बचाने के चक्कर में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित ट्रक पहले से आगे चल रही रिफाइन तेल से लदे दूसरे ट्रक से टकराया और रफ्तार तेज होने के कारण आगे चल रहे तीसरे ट्रक से भी जा भिड़ा।
टक्कर लगते ही दो ट्रकों में आग लग गई। लपटें इतनी तेज थी कि तीसरे ट्रक में लदा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे तत्काल सामान की पहचान नहीं हो सकी। घटनास्थल के बिल्कुल समीप ही पेट्रोल पंप स्थित था। यदि आग की लपटें पेट्रोल पंप तक पहुंच जातीं तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी ने इस बड़े खतरे को टाल दिया।
खबरें और भी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोरांव थाना प्रभारी केशव वर्मा और बड़गांव चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तीनों ट्रकों के चालकों और खलासियों को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। तुरंत फायर सर्विस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हाईवे से हटाकर किनारे कराया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। सभी चालकों और खलासियों को सकुशल बचा लिया गया है, किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।
-- केशव वर्मा, थाना प्रभारी, सोरांव।