इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर फंदे से लटक गया ट्रक मालिक, पत्नी व ससुरालियों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
प्रयागराज में घूरपुर के इरादतगंज बाजार का रहने वाले ट्रक मालिक ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर पत्नी और ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। ...और पढ़ें

प्रयागराज में घूरपुर क्षेत्र के इरादतगंज बाजार निवासी अरविंद कुमार तिवारी की फाइल फोटो।
HighLights
पड़ोसी के घर की छत की सरिया पर गमछे का फंदा बनाकर लटककर दी जान
प्रयागराज में घूरपुर के इरादतगंज बाजार का रहने वाला था, पुलिस कर रही जांच
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने के बाद एक ट्रक मालिक ने फंदे से लटककर जान दे दी। प्रसारित वीडियो में उसने पत्नी व ससुराली जनों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से पीड़ित के घर मातम छाया हुआ है।
इंटरनेट के माध्यम से रिश्तेदारों को भेजा था वीडियो
बताया गया है कि घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज बाजार निवासी 30 वर्षीय अरविंद कुमार तिवारी पुत्र स्वर्गीय दयाशंकर तिवारी दो ट्रकों का मालिक था। रविवार देर रात युवक ने आत्महत्या से पहले सुसाइड करने की बात कहकर वीडियो बनाया। फिर उसे इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रिश्तेदारों को भेज दिया।

रात में मां ने फंदे पर लटका देखा
इसके बाद घर के बगल वाली छत की सरिया पर गमछे का फंदा बनाकर लटक गया। रात दो बजे मां श्यामा देवी की नींद खुली तो छत वाले कमरे से बाहर निकली। बेटे को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। शोर सुनकर स्वजन और थोड़ी देर मे आसपास के भी लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। उसकी पत्नी और दाे बच्चे हैं।
मां ने कहा- बहू से बेटे का आए दिन होता था झगड़ा
प्रसारित वीडियो में अरविंद कुमार तिवारी ने कहा, ‘मेरी पत्नी को कुछ नहीं मिलना चाहिए। मेरी पत्नी, उसके पिता और उसका भाई भी मुझसे ही लड़ते हैं। अपनी बेटी, बहन को नहीं समझाते हैं। मैं अपने घर की सारी जिम्मेदारी निभाता हूं, फिर भी अब मैं मरना चाहता हूं।’ अरविंद की मां श्यामा देवी ने बताया कि बहू रिचा से बेटे अरविंद का आए दिन झगड़ा होता था।