Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षा समारोह : शिप्रा यादव को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 73 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 16 Jul 2026 04:22 PM (GMT+05:30)

    रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षा समारोह में 81,822 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिसमें शिप्रा यादव को कुलाधिपति स्वर्ण पदक मि ...और पढ़ें

    रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक विजेता शिप्रा यादव को मेडल प्रदान करतीं कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व अन्य अतिथि। जागरण

    रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक विजेता शिप्रा यादव को मेडल प्रदान करतीं कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व अन्य अतिथि। जागरण

    HighLights

    1. 81,822 विद्यार्थियों को उपाधि दी गई, 14 खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

    2. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रजनी तिवारी व नन्दी हुए शामिल 

    3. प्रयागराज में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह का आयोजन 

    जागरण संवाददता, प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय का नवम दीक्षा समारोह गुरुवार को आयोजित हुआ। अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र नई दिल्ली के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी और विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी के साथ मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी भी उपस्थित रहे।

    सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 242 विद्यार्थी सम्मानित

    समारोह में कुल 81,822 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 61,753 स्नातक और 20,129 परास्नातक छात्र-छात्राएं शामिल हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 242 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें 73 स्वर्ण, 82 रजत और 87 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। पदक पाने वालों में 66.53 प्रतिशत छात्राएं और 33.47 प्रतिशत छात्र हैं। मंच पर 30 स्वर्ण पदक विजेताओं को राज्यपाल ने सम्मानित किया। अन्य स्वर्ण पदक, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को मंच पर समूह में पदक दिया गया। 

    शिप्रा यादव को कुलाधिपति स्वर्ण पदक

    परास्नातक जीव विज्ञान की छात्रा शिप्रा यादव को कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। यूनाइटेड इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट की व्यवसायिक प्रबंधन की छात्रा अर्चिता तिवारी को श्रीराम दास गुलाटी मेमोरियल स्वर्ण पदक, जबकि कंंप्यूटर एप्लिकेशन के छात्र नैतिक वर्मा को श्रीमती राम लुभाई गुलाटी मेमोरियल स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

    अपूर्वी, उत्कर्ष, हर्ष को छात्र हितैषी विशाल दत्ता पदक

    इसी संस्थान की व्यवसायिक प्रबंधन की छात्रा अपूर्वी सिंह तथा कम्प्यूटर एप्लिकेशन के छात्र उत्कर्ष मालवीय और हर्ष कनौजिया को छात्र हितैषी विशाल दत्ता रजत पदक मिला। कुलाधिपति द्वारा गोद लिए गए गांवों में आयोजित प्रतियोगिताओं के तीन विजेता छात्रों को पुरस्कृत करने के साथ विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के चार शिक्षकों (प्राचार्य सहित) का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में गांवों की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। विश्वविद्यालय ने गोद लिए गए गांवों की संख्या पांच से बढ़ाकर 11 करने का निर्णय लिया।

    खबरें और भी

    14 खिलाड़ियों को पदक

    राज्य विश्वविद्यालय दीक्षा समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 खिलाड़ियों को पदक और 50 हजार से एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को उनके राष्ट्रीय और अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। बाक्सिंग में एनके और सुंदरम यादव तथा कुश्ती में नीरज यादव को कांस्यपदक जीतने पर 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।

    पलक के दो गोल्ड मेडल जीतने पर दो लाख का पुरस्कार

    पलक के आर्मरेसलिंग में दो गोल्ड मेडल जीतने पर दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। आर्म रेसलिंग में सौम्या यादव को रजत पदक के लिए 75 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। प्रणव कुशवाहा को जिमनास्टिक में एक रजत और दो कांस्य जीतने पर 1.75 लाख रुपये पुरस्कार स्वरूप मिले। आर्म रेसलिंग में शगुन यादव, अनुज भारतीया, प्रक्ष्य जादौन को कांस्य पदक पर 50-50 हजार रुपये, कराटे में लक्ष्मी और वेटलिफ्टिंग में कांस्य जीतने पर 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।

    इन खेलों में खिलाड़ियों की रही उपलब्धि

    इन खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता, राजस्थान विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता, राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ और डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय, असम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

    बंधेज कला के शिल्पकार डीलिट से सम्मानित 

    राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में गुजरात के प्रख्यात बंधेज (बांधनी) शिल्पकार खत्री अब्दुल सत्तार बापू को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मानद डीलिट की उपाधि से सम्मानित किया। भारतीय वस्त्र परंपरा और देश की प्राचीन हस्तशिल्प विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें यह सम्मान देने का निर्णय लिया गया था। 

    सम्मान पाकर खत्री अब्दुल सत्तार बापू गौरवान्वित 

    खत्री अब्दुल सत्तार बापू को गुजरात की हजारों वर्ष पुरानी बंधेज कला का प्रमुख संवाहक माना जाता है। उन्होंने इस पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब्दुल सत्तार ने कहा कि प्रयागराज में उनको गुजरात जैसा महसूस हो रहा है और वह सम्मान पाकर काफी गौरव का अनुभव कर रहे है।

    शुरू होंगे चार नए कोर्स

    कुलपति अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय वर्ष 2027 से बीपीएड, एमपीएड और बीएससी बीएड और बीए बीएड पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसको लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। प्रवेश सत्र 2027-28 से शुरू होंगे।

    यह भी पढ़ें- 'अनुसंधान में अग्रणी बनने को सलाह लेने के बजाय देने वाला बनें विश्वविद्यालय ': राज्यपाल आनंदीबेन ने प्रयागराज में दी सीख

    यह भी पढ़ें- UP की राज्यपाल VIP प्रोटोकॉल से इतर खास अंदाज में पहुंचीं प्रयागराज, वंदे भारत ट्रेन सफर से दिया पर्यावरण का संदेश