RRB Prayagraj : रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती के लिए संशोधित कटऑफ जारी, अंकों से जानें क्या अगले चरण में है आपका नाम?
आरआरबी प्रयागराज ने सेक्शन कंट्रोलर पद के लिए संशोधित कट-ऑफ अंक जारी किए हैं, जिससे उम्मीदवार दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के अगले चरण में पहुंचेंगे।

आरआरबी प्रयागराज ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती संशोधित कटऑफ जारी कर दिया है।
HighLights
बोर्ड द्वारा जल्द ही डीवी और मेडिकल का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा
सेक्शन कंट्रोलर का पद बेहद महत्वपूर्ण और अत्यधिक जिम्मेदारी वाला होता है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), प्रयागराज ने केंद्रीयकृत रोजगार सूचना (CEN 04/2025) के तहत सेक्शन कंट्रोलर (Section Controller) पद के लिए संशोधित कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। बोर्ड द्वारा यह कटऑफ उन उम्मीदवारों के लिए जारी की गई है, जिन्हें दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए चुना गया है। इस संशोधित कट-ऑफ सूची के जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है।
जून में हुआ था साइको टेस्ट
लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब आधिकारिक कटऑफ के आधार पर अपनी स्थिति जांच सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों के अंक तय कट-ऑफ के बराबर या उससे अधिक हैं, उन्हें अब आगे की चयन प्रक्रिया के लिए तैयार रहना होगा। इस भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 11 और 12 फरवरी 2026 को हुई थी। जबकि कंप्यूटर आधारित अभिरुचि परीक्षा यानी साइको टेस्ट छह जून 2026 को हुआ था।
जानिए क्या होता है सेक्शन कंट्रोलर का काम
भारतीय रेलवे के सुचारू संचालन में सेक्शन कंट्रोलर का पद बेहद महत्वपूर्ण और अत्यधिक जिम्मेदारी वाला होता है। यह पद रेलवे के ऑपरेटिंग (परिचालन) विभाग के अंतर्गत आता है। सेक्शन कंट्रोलर सीधे डिवीजनल कंट्रोल रूम में बैठकर काम करते हैं। इनका मुख्य कार्य अपने अधिकार क्षेत्र वाले रेलवे सेक्शन में सभी यात्री ट्रेनों, एक्सप्रेस गाड़ियों और मालगाड़ियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन (मूवमेंट) पर नज़र रखना होता है। किस ट्रेन को कब आगे निकालना है, किसे किस स्टेशन के लूप लाइन पर रोकना है और पटरियों पर गाड़ियों का ट्रैफिक कैसे बिना रुकावट चले, यह तय करना सेक्शन कंट्रोलर का ही दायित्व होता है। इसके अलावा किसी भी तरह के रेल हादसे, तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में राहत कार्य समन्वय और त्वरित निर्णय लेने का अहम कार्य भी इन्हीं का होता है।
श्रेणीवार संशोधित कटऑफ अंक और आगे का चरण
आरआरबी प्रयागराज की अधिसूचना के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे (NCR) और उत्तर रेलवे (NR) दोनों के लिए अलग-अलग वर्गवार कटऑफ अंक निर्धारित किए गए हैं। अनारक्षित वर्ग (UR) में एनसीआर के लिए कटऑफ 90.91115 तथा एनआर के लिए 90.27971 अंक तय किया गया है।
अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में एनसीआर के लिए कट-ऑफ 87.00348 और एनआर के लिए 86.79594 रहा है। अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी में एनसीआर के लिए कट-ऑफ 81.40015 अंक निर्धारित है।
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में एनसीआर का कट-ऑफ 90.55752 और एनआर का कट-ऑफ 89.82748 अंक तय हुआ है। ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग में एनसीआर के लिए 89.71115 अंक कट-ऑफ गया है। वहीं भूतपूर्व सैनिक (ESM) कोटे के तहत एनसीआर के लिए कट-ऑफ 74.0706 अंक रहा है।
बोर्ड द्वारा जल्द ही शेड्यूल जारी करेगा
सफल उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी शैक्षणिक, तकनीकी और आरक्षण से जुड़े मूल दस्तावेजों के दो-दो सेट तैयार रखें। बोर्ड द्वारा जल्द ही डीवी और मेडिकल का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा।
